SHIVPURI NEWS - पूर्व CM शिवराज के स्वागत होर्डिंग से सीएम मोहन यादव गायब, चर्चा का विषय बना

Bhopal Samachar

माखन सिंह धाकड़ बैराड। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र के पोहरी विधानसभा के बैराड़ में रविवार को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के लिए वोट मांगने आए थे। शिवराज सिंह ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया,लेकिन इस सभा से अधिक चर्चा प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव का मामा के कार्यक्रम से गायब होने की है।

शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में आती है और यह विधानसभा धाकड बाहुल्य विधानसभा है और इस कारण यहां शिवराज सिंह चौहान का प्रभाव है,लेकिन एक्स सीएम शिवराज सिंह के स्वागत मे लगाए गए बैनर पोस्टर में से प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव गायब थे।

यह गलती किसी सामान्य कार्यकर्ता ने नहीं की बल्कि इस पोस्टर पर निवेदक के रूप में अंकित था भारतीय जनता पार्टी विधानसभा क्षेत्र पोहरी और इस बैनर पर भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और इस क्षेत्र के प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह का फोटो था। इस होर्डिंग के अब कई मायने इस क्षेत्र में निकाले जा रहे है,वही पोहरी विधानसभा में यादव मतदाताओं की संख्या भी 25 हजार से अधिक है।

पूर्व सीएम ने मंच से कहा मामा दिल्ली जाएगा

सीएम ने अपनी बहनों से कहा कि चिंता मत करना तुम्हारा भाई जिंदगी भर तुम्हारे लिए काम करेगा। भोपाल में रहा तब किया, अब मामा दिल्ली जाएगा। दिल्ली भी खाली पीली नहीं जाऊंगा। वहां भी बहुत काम करुंगा। तुम चिंता मत करना।

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण करना है। मेरे जीवन का मिशन है। इस वजह से मेरे दिमाग में एक योजना आई लाडली बहना योजना और तय कर दिया कि हर महीने बहनों के खातों में पैसा आएगा। अब हर महीने बहनों के खातों में पैसा आ रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज ने कई बार स्त्री और पुरुष के बीच में भेदभाव किया है बेटी जन्म लेती थी तो इतनी खुशी नहीं होती थी। जितना बेटे के जन्म पर होती थी आखिर बेटी बहन को भी तो जीने का अधिकार है। भगवान ने उनके लिए भी तो धरती बनाई है। इस वजह से लाडली लक्ष्मी योजना, बेटियों की शादी की योजना बनाई।

अब तो प्रधानमंत्री जी ने मातृ शक्ति वंदन अधिनियम पास कर दिया है। अब अगली बार मंच पर आधे पुरुष और आधी महिलाएं बैठी मिलेगी। यह सफर यहां तक नहीं रुकेगा। हर बहन को लखपति बहाना बनाना है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार जनता की सेवा के लिए होती है और मेरे लिए जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है। जनकल्याण के काम करना भाजपा का लक्ष्य है और इसके लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं चला रखी है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का भविष्य कहीं भी नहीं है गलत फैसलों के कारण कांग्रेस की सरकार निपट गई।

अयोध्या में राम मंदिर बना सबको खुशी हुई, पूरा देश आनंदित था, सब प्रसन्न थे लेकिन कांग्रेस प्रसन्न नहीं थी वह सोच रही थी कि कैसे राम मंदिर बन गया। राम मंदिर बना और उसकी प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी। जिसका निमंत्रण उनको दिया गया लेकिन उन्होंने उसे निमंत्रण को भी ठुकरा दिया।

उन्होंने कहा- कांग्रेस के इरादे बहुत खतरनाक है अगर वह सत्ता में आई तो विरासत टैक्स लगा देगी। जाने कि आपके मरने के बाद 55% संपत्ति सरकार के खाते में चली जाएगी। अब आप बताओ ऐसी कांग्रेस को जीतने का कोई फायदा है क्या। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनेगा इसलिए एक जुट होकर हमें भारतीय जनता पार्टी को जिताना है। इस मौके पर अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।