SHIVPURI NEWS - राज्य महिला क्रिकेट अकादमी की 2 खिलाड़ियों को हुआ रेलवे कोटे में चयन

Bhopal Samachar

शिवपुरी। राज्य महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी की दो महिला खिलाड़ी कंचन परिहार और ज्योति गिरी का सेंट्रल रेलवे मुंबई में खिलाड़ी कोटे में चयन हुआ है। पिछली प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिला है। दोनों ने ही राज्य महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में प्रशिक्षण लिया है।

जानकारी के मुताबिक साल 2023-24 में कंचन परिहार एवं ज्योति गिरी ने बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-23 सीनियर प्रतियोगिता, एनसीए और इंडिया-बी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है। इसी आधार पर दोनों खिलाड़ियों का चयन सेन्ट्रल रेलवे मुंबई में खिलाड़ी कोटे में हुआ है। बता दें कि मप्र शासन, खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर शिवपुरी में साल 2021 से राज्य महिला क्रिकेट अकादमी संचालित है।

अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अरूण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 24 महिला क्रिकेट खिलाड़ी नियमित रूप से छात्रावास में रहकर प्रशिक्षण ले रही हैं। अकादमी में प्रशिक्षणरत कई महिला खिलाड़ी अपना अच्छा खेल प्रदर्शन के आधार पर एमपीटीम, रणजी ट्राफी, अखिल भारतीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट खेल रहीं हैं।

शिवपुरी में देश की पहली राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का संचालन किया जा रहा है। तत्कालीन खेल मंत्री यशोधरा सिंधिया के समय में महिला क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने के लिए क्रिकेट अकादमी शुरू की गई है। इसी के चलते अकादमी में प्रशिक्षणरत महिला खिलाडियों को अरूण कुमार सिंह, क्रिकेट प्रशिक्षक द्वारा नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कारण कई खिलाड़ी पिछले 3 साल में बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-23, अंडर-19 के साथ-साथ एमपी टीम में भी चयनित हो चुकी हैं। अब पहली बार क्रिकेट अकादमी के 2 खिलाड़ियों ने खेल प्रदर्शन के आधार पर खेलों में ही नौकरी हासिल कर ली है।

महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है

शिवपुरी में संचालित देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी से पहली बार दो खिलाड़ियों का चयन श्रेष्ठ खेल प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ी कोटे में सेन्ट्रल रेलवे मुंबई में चयन हुआ है। राज्य महिला क्रिकेट अकादमी में सभी खिलाड़ियों को उच्च स्तर की खेल सुविधा के साथ-साथ आवास एवं भोजन व्यवस्था निशुल्क प्रदान की जा रही है। महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। -
डॉ. केके खरे, जिला खेल अधिकारी, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग शिवपुरी
G-W2F7VGPV5M