कोलारस। भाजपा में आपसी उठापठक थमने का नाम नहीं ले रही,मूल भाजपा और सिंधिया भाजपा के समर्थकों के बीच तनातनी आपस में देखी जा रही है। मामला बुधवार को सीएम हाउस में हुई गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में कोलारस से भाजपा विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने मुख्यमंत्री से पंचायत मंत्री और शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया की शिकायत की।
आरोप लगाया कि सिसोदिया भाजपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे केस दर्ज करवा रहे हैं। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मौजूद थे। विधायक इतने गुस्से में थे कि वे बैठक छोड़कर जाने लगे, तो वरिष्ठ नेताओं ने समझाइश देकर शांत किया।
ऐसी ही खबर मीडिया में प्रकाशित हुई है शिवपुरी समाचार ने जब इस मामले मेें कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी से इस विषय में प्रतिक्रिया चाही तो उन्होने कहा कि पहले प्रभारी मंत्री यह तय करे कि मुझे कोलारस से चुनाव लड़ना है कि प्रभारी मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया को। उन्होंने सबसे ज्यादा मेरी विधानसभा में हस्तक्षेप कर रखा है एक सुपर MLA बिठाकर यहां रख रखा है।
मेरे समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओ पर मामले दर्ज हो रहे है उनके छोटे छोटे काम नही होते है। यह वही भाजपा का कार्यकर्ता है जो अपनी पार्टी के लिए सड़क पर मेहनत करता है। कोर कमेटी जिले की बैठक थी साथ में सीएम साहब भी थे। प्रभारी मंत्री या पूर्व विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष को यहां चुनाव लड़ना है तो वह मुझे बता दे। पिछले 3 साल से मेरी विधानसभा में प्रभारी मंत्री ने जरूरत से अधिक हस्तक्षेप कर रखा है। में अपनी बात अपने नेताओं के सामने नही रखूगां तो कहा रखुगा। मुझे इस बात करने में कोई खेद नहीं है।
