बैंककर्मी ने डॉक्टर संजय शर्मा की पत्नी का फर्जी अकाउंट बनाया, मिसयूज कर रहा था- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शिवपुरी में एक महिला की एक मनचले ने फर्जी फेसबुक आईडी बना दी और उसका दुरुपयोग किया गया। मनचले ने अकाउंट बनाकर महिला से जुड़े अन्य लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजना शुरू कर दिया। महिला को जब इस बात की भनक लगी तो महिला ने अपने पति के साथ सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

डॉक्टर की पत्नी के नाम पर बनाया फेक अकाउंट

जानकारी के अनुसार फतेहपुर क्षेत्र की गणेश कॉलोनी की रहने वाले डॉ. संजय शर्मा सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा फेसबुक पर एक फेक अकाउंट बना लिया है। उसी फेक फेसबुक अकाउंट में उसकी पत्नी की फ़ोटो भी अपलोड की गई है। साथ ही कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। पुलिस ने डॉक्टर संजय शर्मा की शिकायत पर साइबर की मदद से फेसबुक पर फेक आईडी बनाने वाले अज्ञात युवक की तलाश शुरू कर दी थी।

जांच में जुटी थी पुलिस

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया, पुलिस की पड़ताल में पता लगा कि डॉक्टर संजय शर्मा की पत्नी का फेक फेसबुक अकाउंट राजस्थान के कोटा से ऑपरेट हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को साइबर टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी का था शिवपुरी ननिहाल

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम अभिलाष शर्मा बताया है। आरोपी कोटा का रहने वाला है और किसी बैंक का मैनेजर है। शिवपुरी में उसका ननिहाल है। इसी के चलते वह शिवपुरी आता जाता रहता था। आरोपी अभिलाष शर्मा का ननिहाल भी उसी क्षेत्र में है जिस क्षेत्र में डॉक्टर रहते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
G-W2F7VGPV5M