विधानसभा चुनाव के 200 दिन शेष- 200 से अधिक सीटे जीतने का टारगेट, भाजपा की विस्तारक ​बैठक- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा आज देश की सबसे बड़ी पार्टी है। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर देश व प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। कार्यकर्ता का प्रवास प्रतिदिन होना चाहिए।

हमारा प्रवास होगा तो मंडल और बूथ पर पहुंच पार्टी का काम नीचे तक पहुंचेगा तो निश्चित ही हमारा संगठन और अधिक मजबूत होगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता जी जान से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। 2014 से पहले भारत को सम्मान नहीं मिलता था लेकिन जब भाजपा की सरकार आई तो पूरा विश्व भारत का लोहा मान रहा है।

अब चुनाव के 200 दिन शेष रह गए हैं इसलिए सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी संकल्प लें कि 200 दिन में 200 पार का लक्ष्य लेकर काम करेंगे। यह बात भाजपा के प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत ने भारतीय जनता पार्टी जिला शिवपुरी की जिला बैठक के दौरान कही।

भाजपा जिला मिडिया प्रभारी विकास दंडोतिया ने बताया कि भाजपा जिला शिवपुरी विस्तारक बैठक होटल पीएस में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल जी उपाध्याय एवं डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष राजू बाथम ने कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर हे।

भारत दुनिया का नेतृत्व करने आगे बढ़ रहा है। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ते हुए त्रिदेव कार्यकर्ता अपने बूथ और शक्ति केन्द्र को मजबूत करने की कार्ययोजना में जुट जाए। उन्होंने प्रदेश की बैठक में प्राप्त निर्देशों का उल्लेख किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना व स्वागत भाषण महामंत्री सोनू बिरथरे ने दिया।

बैठक में जिला महामंत्री गगन खटीक ने पार्टी के अभी तक संपन्न हुए कार्य एवं वर्तमान में जारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। महामंत्री ने बताया कि 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बूथ स्तर पर मनेगी और 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे। वहीं 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के जिले भर में आयोजन होंगे। 23 मई को मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आगामी दिनांक 28 को मंडल कार्यसमिति और शक्ति केन्द्र की बैठक एवं 29 जनवरी को बूथ बैठक आयोजित हो, जिसमें बूथ टोली, मन की बात कार्यक्रम को सुने। 5 फरवरी को संत रविदास के पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप माहेश्वरी ने राजनैतिक प्रस्ताव पड़ा। उक्त प्रस्ताव का बैठक में सर्व सम्मति से अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नफीस खान ने समर्थन किया।

इसके साथ ही ’अनुसूचित जाति कार्य विस्तार की योजनाएं एवं क्रियान्वयन’ विषय चर्चा हुई। इसके साथ ही बैठक में ’जी-20 गौरवशाली अवसर’ विषय एवं आर्थिक विषय रखा गया। एवं आगामी केन्द्र व राज्य सरकार के बजट पर केन्द्रित पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर किये जाने वाले आयोजनों के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

बूथ कार्य विस्तार योजना’ की चर्चा एवं ’विकास यात्रा’ कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त नरेंद्र बिरथरे, प्रहलाद भारती, रमेश खटीक, जसवंत जाटव, राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा, विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश खटीक, हरवीर रघुवंशी, केशवसिंह तोमर, आकाश शर्मा, उपाध्यक्ष पवन जैन सहित भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पृथ्वीराज जादौन व आभार उपाध्यक्ष अशोक खंडेलवाल ने व्यक्त किया।