नगर पालिका चुनाव के लिए नए सिरे से 24 मई को होगा वार्डो का आरक्षण, अध्यक्ष पद का आरक्षण भोपाल से होगा - Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
नगर पालिका चुनाव में वार्डो का आरक्षण पहले कर दिया गया था। नगर पालिका के 39 वार्डो में 6 वार्ड एससी, 1 वार्ड एसटी और 10 वार्ड ओबीसी के लिए आरक्षित किए गए थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के परिपेक्ष्य में वार्डो का आरक्षण नए सिरे से फिर से होगा। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि पीजी कॉलेज में 24 मई को वार्डो का आरक्षण किया जाएगा। जहां तक नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण का सवाल है वह भी पहले तय कर लिया गया था।

शिवपुरी में नगर पालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। यह आरक्षण यथावत रहेगा या इसमें बदलाव होगा इस पर असमंजस बरकरार है। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण के संबंध में सरकार निर्णय लेगी। वार्डो के नए सिरे से आरक्षण से ओबीसी वार्ड बढ़ेंगे, यह माना जा रहा है। 24 मई को शिवपुरी के अलावा नगर परिषद कोलारस, बदरवास, पिछोर, करैरा, पोहरी, बैराड़, रन्नौद, खनियाधाना आदि में भी वार्डो का आरक्षण पीजी कॉलेज शिवपुरी में किया जाएगा।

नगर पालिका में वार्डो का आरक्षण पहले कर दिया गया था और उस आरक्षण के हिसाब से दावेदारों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी थी। पार्टी से टिकट के लिए भी दावेदारों ने प्रयास तेज कर दिए थे। वहीं अपने-अपने वार्डो में वह जनसम्पर्क में भी जुटे थे, तथा जन समस्याएं हल कराने में रुचि ले रहे थे।

लेकिन उन दावेदारों के मंसूबों पर अब पानी फिर गया है और वार्डो का आरक्षण नए सिरे से होगा। कलेक्टर का कहना है कि आयोग के मुताबिक आरक्षण किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार आरक्षण 50 फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए। यह तय लग रहा है कि ओबीसी वार्डो की संख्या बढ़ेगी। यदि ऐसा हुआ तो सामान्य वार्डों की संख्या में कमी आएगी।
G-W2F7VGPV5M