Shivpuri News- उत्साह के साथ मनाई गई भगवान महावीर की जयंती, निकला चल समारोह, मंदिरों में हुए आयोजन

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर अहिंसा और सत्य के पुजारी भगवान महावीर स्वामी की जयंती आज शिवपुरी में अनेक धार्मिक आयोजनों के साथ मनाई गई। नगर के प्रमुख मार्गो से भगवान महावीर स्वामी का विशाल जुलूस निकाला गया। जिसमें सैकड़ों स्त्री पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। जन्म कल्याणक अवसर पर जैन मंदिरों में आकर्षक ढंग से सजावट की गई थी और सुबह से ही भगवान की पूजा और अर्चना का दौर शुरू हो गया।

जैन धर्मावलंबियों के घरों पर जैन संस्कृति के प्रतीक ध्वज फहरा रहे थे और जियो तथा जीने दो का संदेश दे रहे थे। भगवान महावीर जयंती पर ओसवाल गली स्थित पोषद भवन में विश्व शांति की कामना हेतु शांति जाप का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में धर्मावलंबी शामिल हुए। जैन धर्म स्थलों पर भगवान महावीर के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया और उनके सिद्धांतों को आज के संदर्भ में पूरी तरह प्रासंगिक बताया गया।

भगवान महावीर जयंती के अवसर पर कल नगर के प्रमुख मार्गो से प्रभात फेरी निकाली गई और जिसमें जियो और जीने दो, अहिंसा के पुजारी भगवान महावीर की जय हो के नारे मुखरित किए गए। ब्राह्मी बहुमंडल ने जयंती के अवसर पर वृद्धाश्रम में जाकर वरिष्ठजनों को घर का स्वादिष्ट भोजन कराया और उनका आर्शीवाद ग्रहण किया। पोषद भवन में स्थानकवासी समाज के अध्यक्ष राजेश जैन कोचेटा ने शांति जाप का आयोजन किया। महावीर जयंती के अवसर पर उनकी मां स्व. इंदू बाई कोचेटा की भी जयंती है। इस दोहरे अवसर पर कोचेटा परिवार ने विश्व शांति की कामना हेतु शांति जाप का आयोजन किया। जिसमें सामायिक करने वाले श्रावक और श्राविकाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया और जीवन में सामायिक की महता पर प्रकाश डाला गया।
G-W2F7VGPV5M