शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बेटियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश श्रीमती अर्चना सिंह मौजूद रही। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल ने की। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुंदरियाल ने स्वागत भाषण दिया।
जिला न्यायाधीश श्रीमती अर्चना सिंह ने कहा कि महिलाएं समाज और राष्ट्र के निर्माण का एक अहम हिस्सा हैं। महिला सदैव ही परिवार की केन्द्र धुरी रही है। आज समाज में महिलाओं द्वारा बेहतर काम करके और बेहतर स्थान बनाया जा रहा है। महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर काम कर रही हैं और समाज को एक नई दिशा और उर्जा प्रदान कर रही हैं। समाज में महिलाओं एवं पुरुषों में लिंग भेद समाप्त करने के लिये संपूर्ण देश एंव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के लिये विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं,
महिलाओं को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। महिलाओं के उत्थान हेतु शासन की कई योजनाएं प्रचलन में हैं एवं महिलाओं के संरक्षण हेतु कई कानून भी बनाये गये हैं, जिनका सदुपयोग किया जाकर महिलाएं अपने अधिकारों का संरक्षण कर सकतीं हैं। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में बताते हुए कहा कि जिन्हें विधिक सहायता की जरूरत है उनके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण भी काम कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल ने महिला शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा बहुत जरूरी है। यदि वह शिक्षित होगी तो अपने अधिकारों को समझेंगी। जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती मधु सिंह ने सड़क सुरक्षा, जिला कोषालय अधिकारी छवि जैन ने पर्सनल वित्त और पिछड़ा वर्ग विभाग की सहायक संचालक निकिता तामरे ने ऊर्जा साक्षरता विषय पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल, अपर कलेक्टर श्री उमेश शुक्ला और मुख्य अतिथि श्रीमती अर्चना सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बेटियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान करके सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्रीमती रेनू सिंह चंदेल, बाल कल्याण समिति शिवपुरी की अध्यक्ष डॉ सुषमा पांडे, बाल कल्याण समिति सदस्य श्रीमती सुगंधा शर्मा, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य श्रीमती शोभा पुरोहित, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती मधु सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की सहायक संचालक सुश्री निकिता तामरे, जनसंपर्क अधिकारी सुश्री प्रियंका शर्मा, जिला निर्वाचन में सहायक प्रोग्रामर पल्लवी शिवहरे, डॉ नीरजा शर्मा, डॉ मोना गुप्ता, डॉ अंजना जैन,
सेल्फ डिफेंस ग्रुप और कार्यक्रम का संचालन कर रही श्रीमती हेमलता चौधरी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नोहरीकला के स्वसहायता समूह की किशोरी रावत ने अपनी सफलता की कहानी सभी को बताई और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।