संजीव जाट बदरवास। बदरवास एक तरफ जहा शासन प्रसव के बाद महिलाओं को प्रसूती सहायता राशि दे रही हैं, वहीं दूसरी और स्वास्थ्य विभाग की नर्स उस राशि के मिलने से पहले ही अपनी वसूली कर रही हैं। जिले के बदरवास विकासखंड की सीमा से लगे कोलारस के तेंदुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं से एएनएम द्वारा खुलेआम वसूली की जा रही है। बीते रोज ऐसे ही एक प्रसूता के परिजनों से रिश्वत के रूप में 800 रुपए लेती हुई एएनएम कैमरे में कैद हो गई।
तेंदुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के बदले पैसे लेने का सिलसिला कई दिनों से जारी है। जब के लिए आने वाली महिलाओं ने परिजनों ने इस खुली वसूली के बारे में बताया तो मंगलवार को शिवपुरी समाचार ने इस पूरे खेल का स्टिंग किया। जिसमें एक प्रसूता द्वारा जन्मी बेटी को लेकर उसके परिवार की महिला एएनएम से प्रसव के लिए दस्तावेज मांग रही थी तो एएनएम बबीता नरवरिया ने उनसे खुलेआम पैसों की मांग की। जब तक उसके पास पैसे नहीं आ गए, तब तक एएनएम कागजों को ही खंगालती रही। महत्वपूर्ण बात यह है कि उक्त एएनएम झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी भी देती है।
यह हुई बातचीत
एएनएम: पैसे तो दो. जल्दी मंगवाओ।
परिजनः मंगवा रहे हैं पैसा, अभी दे रहे हैं।
एएनएमः हमने पूरी रात जागकर मेहनत की है।
परिजनः हम भी मान रहे हैं और पैसे दे रहे हैं।
पैसे लेने के बाद एएनएम ने पहले पैसे गिने और फिर प्रसव के बाद दिए जाने वाले दस्तावेज प्रसूता के परिजनों को दिए।
कराएंगे जांच
मामले की जांच कराएंगे और वीडियो है उसकी जांच बाद दोषी एएनएम की ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ.पवन जैन,सीएमएचओ
खबर मत छापना
रुपए लेने की बात गलत है। कौन कहता है कि मैं रुपए ले रही हूं। किसी और काम के भी रुपए ले सकती हूं। आप अपने हिसाब से देख लेना, खबर मत छापना।
बबीता नरवरिया,ANM