कोलारस। खबर जिले के कोलारस थाना अंतर्गत आने वाले देहरदा रन्नौद मार्ग से आ रही है रन्नौद मार्ग पर मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में 1 मजदूर की मौत हो गई और 2 दर्जन से अधिक घायल हो गए। मरणासन्न घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार देहरदा गांव के जाटव समुदाय के मजदूर सजाई गांव में सरसों काटने जा रहे थे। इस ट्रैक्टर में लगभग 40 से अधिक मजदूर भरे हुए थे। जैसे ही यह मजदूरों से भरा ट्रैक्टर देहरदा रन्नौद मार्ग पर एक मोड पर पुलिया के पास पहुंचा वैसे ही ट्रैक्टर पलट गया बताया जा रहा है कि ट्रेक्टर की स्पीड अधिक थी और मोड पर ड्रायवर नियंत्रित नही कर सका।
इस घटना में घायल मजदूर ने बताया कि फसल काटने देहरदा गणेश से पास के गांव सजाई जाना था। सजाई गांव के जमींदार ने ही उन्हें ट्रेक्टर-ट्रॉली को लाने के लिए देहरदा गणेश गांव भेजा था। जिसमें सवार होकर 40 मजदूर सजाई के निकले थे। ट्रेक्टर का चालक मस्ती में मस्त होकर ट्रैक्टर को हवा से बातें करा रहा था। इस दौरान एक पुलिया की घूम पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और मजदूरों से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली गुलाटी खाते हुए पलट गई। हादसे में मौके पर हरवीर प्रजापति की मौत हो गई।
मजदूरों की जान से खिलवाड़, एक माह में हुआ दूसरा हादसा
बीते 15 फरवरी को मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलट गया। जिसमें पश्चिम बंगाल के 4 मजदूरों की मौत हो गई थी। कई घायल हुए थे। आज फिर मजदूरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से एक मजदूर की मौत हुई है। वहीं दो दर्जन से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं। घायल मजदूरों की मानें तो ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 40 मजदूर सवार थे।
दुर्घटना में करीब 24 मजदूर घायल हुए। सभी घायलों को पहले कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से 4 गंभीर घायल और तीन ऐसे घायल मजदूर जिनका रक्त बहने से नहीं रुक रहा था। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस कोलारस थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी हैं।