मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवपुरी के किसान राजकुमार जाटव से किया संवाद, राहत राशि वितरित की - Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओलावृष्टि- बारिश से प्रभावित 1 लाख 46 हज़ार से अधिक किसानों के खाते में 202.90 करोड़ की राहत राशि का वितरण किया है। उन्होंने वर्चुअल कार्यक्रम के द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खातों में राहत राशि पहुंचाई। शिवपुरी जिले में भी ओलावृष्टि बारिश के कारण हजारों किसान प्रभावित हुए।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देशन में प्रशासन की टीम द्वारा सर्वे किया गया और ओलावृष्टि बारिश से जिन किसानों की फसल नष्ट हुई, उन्हें चिन्हित किया गया। किसानों को फसल क्षति की राहत राशि अब उनके खाते में पहुंचाई गई है। शिवपुरी जिले के 8642 किसानों के खाते में 10 करोड़ 10 लाख 45074 रुपए की फसल क्षति की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की गई है।

यहां शिवपुरी के एनआईसी कक्ष में विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एडीएम उमेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर विजेंद्र यादव, एसडीएम कोलारस ब्रिज श्रीवास्तव सहित किसान हितग्राही मौजूद थे।

एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने फसल क्षति की राशि किसानों को देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाद के दौरान शिवपुरी जिले के किसान राजकुमार जाटव से भी संवाद किया और उनका हालचाल जाना।

राजकुमार ने फसल क्षति की 19 हज़ार 50 रुपये की राहत राशि मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया है। इसके अलावा एनआईसी कक्ष में मौजूद किसान रामप्रकाश धाकड़ ने भी 21 हजार 190 रुपये की राहत राशि मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना की।