हादसों के कारण पुराना वाइपास लॉक: सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का नगर प्रवेश पर बंद- Shivpuri City News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शहर में प्रवेश कर रहे भारी वाहन हादसे का कारण बन रहे हैं। गत दिनों जिम से लौट रही एक यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा को भारी वाहन ने टक्कर मार दी थी। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अब इन वाहनों पर सख्ती करते हुए सुबह 7 से रात 10 बजे तक इनके नगर पालिका क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके संबंध में एसपी राजेश सिंह चंदेल ने शिवपुरी कलेक्टर को पत्र लिखा था। इस पत्र के आधार पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं।

यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि लगातार शहर में भारी वाहनों के प्रवेश की सूचना मिल रही थी। इसके चलते हादसे भी हुए हैं। इसलिए अब इन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रविवार से ही 18वीं बटालियन, सिंहनिवाास पुल और कोलारस फोरलेन से अंदर आने वाले रास्ते पर पॉइंट लगा दिए गए हैं। अब इन रास्तों से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर पाएगा।

रणवीर सिंह ने बताया कि कुछ रास्ते अभी ऐसे बच रहे हैं जहां से भारी वाहनों के प्रवेश की आशंका है। इन्हें भी चिन्हित किया जा रहा है। इन रास्तों पर भी बकायदा बैरिकेडिंग की जाएगी और किसी भी स्थिति में भारी वाहनों को प्रवेश नहीं करने देंगे। सोमवार से पुलिस अभियान भी चलाएगी और शहर में दिखने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। यातायात प्रभारी ने कहा कि यदि किसी आमजन को भी शहर में अनाधिकृत रूप से भारी वाहन दिखाई देते हैं तो वह पुलिस को शिकायत कर सकता है।

G-W2F7VGPV5M