कोलारस मे खाद के लिए हाहाकार: गुस्साए किसानों ने फिर किया चक्का जाम- kolaras News

Bhopal Samachar
कोलारस। जिले मे किसानों के लिए उत्पन्न हुआ खाद का संकट थमने का नाम नही ले रहा है। पहले किसान डीएपी के लिए परेशान हो रहे थे, अब किसान यूरिया नही मिलने के कारण परेशान हैं। किसानों को यूरिया नही मिलने से लगाई गई फसलों के नुकसाना की चिंता सताने लगी है, जिस कारण किसान आये दिन अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए चक्का जाम कर प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखने का प्रयास कर रहे हैं।

ताजा मामला जिले के कोलारस अनुविभाग का है जहां कई दिनों से खाद नही मिलने से नाराज किसानों ने अस्पताल चौराहा जगतपुर पर चक्का जाम कर दिया। खाद के लिए किसान चार दिन से परेशान हो रहे थे। पिछले चार दिन से किसानों को टोकन तो दिए जा रहे थे, लेकिन खाद उपलब्ध नही हो रहा था। जिस कारण से आक्रोशित किसानों ने चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद रोड पर वाहनों का लम्बा जाम लग गया।

सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से कोलारस एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, ने घटना स्थल पर पहुंच कर किसानों को समझाइस दी और जिन किसानों को पहले टोकन दिए जा चुके थे या जिनकी ऋण पुस्तिकाएं जमा थीं उन किसानों को खाद वितरित किया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि खाद की रैक नही आने से किसानों को परेशान होना पडा, आगे से ऐसी समस्या नही आएगी।
G-W2F7VGPV5M