किसानों को खाद के लिए बांटे कूपन लेकिन वितरक चहेतों को बांटकर चला गया, बदरवास सोसायटी पर किसानों का हंगामा- Badarwas News

बदरवास । बदरवास कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय पर स्थित शासकीय गोदाम पर खाद वितरक किसानों के आने से पहले ही अपने चहेतों को खाद बांटकर ताला लगाकर भाग गया। जिस पर किसानों ने वहां हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया।

पीडि़त किसानों का आरोप है कि वितरक सोनू और सतीश ने रात में उन्हें कूपन बांटकर सुबह 8 बजे आने के लिए कहा था। लेकिन जब वह 8 बजे पहुंचे तो वितरक अपने चहेतों को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक खाद बांटकर चला गया। 

जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह लगभग 300 से 400 किसान खाद लेने बदरवास सोसायटी के गोदाम पर पहुंचे। जहां दिन में खाद बांटी गई और शाम करीब 6 बजे खाद वितरण करने वाले सोनू और सतीश ने किसानों से खाद के रूपए लेकर टोकन बांट दिए और उनसे कहा कि अब सुबह 8 बजे खाद बांटी जाएगी। इसके बाद किसान अपने-अपने टोकन लेकर घर आ गए और सुबह 8 बजे जब वह गोदाम पर पहुंचे तो वहां के दोनों कर्मचारी सोनू और सतीश गोदाम का ताला लगाकर चले गए।

किसानों का आरोप है कि दोनों ने सुबह 6 बजे से ही अपने परिचित लोगों को बुलाकर खाद बांट दी। कर्मचारियों के चले जाने पर वहां बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। बाद मेंं जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने किसानों को समझाया और उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें खाद उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद सोसयटी संचालक को मौके पर बुलाया और किसानों को खाद देने के लिए कहा।