थीम रोड पर नाली खोदकर भूला ठेकेदार, 4 दिन से कोर्ट रोड और ठंडी सडक का रास्ता बंद- Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में चल रहे थीम रोड का काम कछुआ गति से चल रहा है। जिसका खामियाजा शहरवासियों और दुकानदारों को उठाना पड़ रहा है। थीम रोड पर बनाई जाने वाली नाली के लिए खोदे गए गड्डे दुकानदारों की परेशानी का कारण बन रहे हैं, तो वहीं पिछले 4 दिन से कोर्ट रोड़ जाने वाले रास्ते को माधव चौक पर खोदकर डाल दिया है। यही स्थिति ठंडी सड़क की है।

यहां नाले के पास नाली को क्रॉसिंग देने के लिए खुदाई कर छोड़ दिया है। ऐसी स्थिति में मुख्य बाजार कोर्ट रोड़ पर जाने वाले लोगों को एक किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पिछले 4 दिन से गांधी चौक, कोर्ट रोड़, सदर बाजार और हलवाई खाना आदि क्षेत्र का पूरा व्यापार ठप्प है।

जिससे दुकानदारों में आक्रोश है। ठंडी सड़क पर भी आवागमन बंद हो गया है। जहां थोक व्यापारियों के जहां आने वाले माल वाहक वाहन वहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिससे पूरा व्यापारी ठप्प हो गया है। जब इस मामले को लेकर ठेेकेदार से बात की गई तो ठेकेदार ने एक घंटे में बंद रास्ते को खुलवाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार ककरवाया से लेकर नया ग्वालियर वायपास तक थीम रोड का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें शहरी क्षेत्र में गुना वायपास से ग्वालियर वायपास तक सड़क के दोनों ओर नालियां बनाई जा रही हैं। लेकिन अब यह नालियां लोगों की परेशानी का कारण बन गई हैं। क्योंकि ठेकेदार की कछुआ गति के कारण एक दिन का काम 4 दिन में हो रहा है।

शहर के माधव चौक चौराहे से कोर्ट रोड पर जाने वाले रास्ते को 4 दिन से ठेकेदार ने खोदकर डाल दिया है और उससे निकली मिट्टी सड़क के दोनों और डली है। यह खुदाई सड़क के दोनों ओर की नालियों को मिलाने के लिए सड़क के बीच में डाले गए पाईपों के लिए की गई थी। खुदाई के कारण आवागमन पूर्णत: बंद हो गया है।

यहां ठेकेदार ने कोई सांकेतिक बोर्ड भी नहीं लगाए। जिससे हादसे भी हुए। जिसे देखते हुए यातायात पुलिस ने अपने स्टॉपर्स वहां लगाएं हैं। लगभग 5 दिन होने को हैं लेकिन ठेकेदार ने शहर के मुख्य बाजार की सड़क को ठीक नहीं किया। वहीं नालियां भी अधूरी पड़ी हैं। सहायता केन्द्र के पास वाली गली में तो लगभग एक माह से नाली अधूरी पड़ी है। जिस कारण उस गली की दुकानें बंद हैं और दुकानदार घर पर बैठ गए हैं। यहीं स्थिति अन्य स्थानों पर भी है।

रास्ता बंद होने से माधव चौक चौराहा बना अस्थाई पार्किंग
कोर्ट रोड का रास्ता बंद होने से वाहन बाजार तक नहीं जा रहे हैं। जिन लोगों को हनुमान मंदिर में दर्शन करने या आसपास की दुकान से कुछ खरीदना है तो वह अपने वाहन कोर्ट रोड पर पार्क कर नाली के लिए खोदे गए गड्डों को मुसीबत उठाकर पार कर रहे हैं। तब कहीं जाकर वह कोर्ट रोड़ पर प्रवेश कर पाते हैं। जिन लोगों को सदर बाजार या अन्य जगहों पर काम है, उन्हें या तो बीआर टॉवर वाली गली या फिर सहायता केन्द्र के पास वाले रास्ते को उपयोग में ले रहे हैं।

लेकिन गलियां सकरी होने के कारण वहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगने से जाम के हालात बन रहे हैं। ठेले व अन्य तीन पहिया वाहन, लोडिंग या तो गुरूद्वारा चौराहे से अस्पताल चौराहे होते कोर्ट रोड में प्रवेश कर रहे हैं या फिर लक्ष्मी निवास के पास से न्यू ब्लॉक होते हुए पहुंच रहे है। कोर्ट रोड का रास्ता बदं होने से सर्वाधिक परेशानी महिला और बच्चों को हो रही है।

बनने से पहले ही टूटने लगी नाली
थीम रोड की नाली की गुणवत्ता को लेकर भी कई बार सवाल उठे। लेकिन जिम्मेदारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। माधव चौक पर बनाई जा रही नाली में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जिसका परिणाम यह हो रहा है कि नाली बनने से पहले ही टूट रही है।

नाली की गुणवत्ता को लेकर कई बार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से लेकर कलेक्टर तक शिकायतें पहुंची लेकिन उन शिकायतों का कोई असर नहीं हुआ। ठेकेदार मनमाने तरीके से गुणवत्ताविहीन नालियों का निर्माण कर रहा है।

इनका कहना है-
कोर्ट रोड का रास्ता 4 दिन से बंद है तो इसकी जानकारी मैं ठेकेदार से लेता हूं। इसके बाद ही मैं आपको बता पाउंगा। अगर ऐसा है तो जल्द से जल्द रास्ते को खुलवाया जाएगा।
धर्मेंद्र सिंह यादव, ईइ पीडब्ल्यूडी शिवपुरी

सड़क बंद पर खुदाई सोमवार को की गई थी। 4 दिन से रास्ता बंद है, यह कहना गलत है। मैं अभी एक घंटे में मशीन पहुंचाकर वहां भराव करवाकर रास्ते को खुलवाता हूं। इसके लिए सिर्फ एक घंटा ही लगेगा और रास्ता शुरू हो जाएगा।
रंजीत सिंह, प्रोजेक्ट इंचार्ज थीम रोड़