शिवपुरी। जिला चिकित्सालय में सफाईकर्मियों ने कल मंगलवार से काम बंद कर दिया है। सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें पिछले 3 महीने से वेतन नहीं मिला। जिससे वह और उनका परिवार भूखो मरने की स्थिति में है।
जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था के लिए 49 कर्मचारी और 3 सुपरवाईजर वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से अब जिला चिकित्सालय में मरीज और अटेंडरों के साथ-साथ वहां काम करने वाले डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को भी बड़ी परेशानी आने वाली है, क्योंकि यहां गंदगी की सफाई करने वाला कोई भी नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि न्यूनतम वेतन पर कलेक्ट्रेट रेट के आधार पर वह काम कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें पिछले 3 महीनों से वेतन नहीं मिला।
अस्पताल में सफाई एजेंसी के इंचार्ज रवि सिंह बैस ने बताया कि पहले मई से भुगतान अस्पताल प्रबंधन ने अटका रखा था जब पैसे की मांग की गई तो ठेकेदार ने स्वयं कुछ राशि उन्हें दे दी थी। लेकिन सरकार से बजट ना मिलने से सफाई कर्मचारी परेशान ही नजर आए। रवि की मानें तो सफाई कर्मियों का मई से भुगतान नहीं हुआ है।
थोड़ा इंतजार और धीरज रखें सफाईकर्मी:सिविल सर्जन डॉ.ऋषिश्वर
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ राजकुमार ऋषिश्वर का कहना है कि कुछ पार्ट पेमेंट बजट आने पर हमने पहले कर दिया था और बजट आते ही शेष पेमेंट भी हम कर देंगे। थोड़ा इंतजार और धीरज इन्हें रखना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि बुधवार से सफाईकर्मी पुन: काम पर वापिस आ जाएंगे।

