13.5 किमी थीम रोड पर कम हुए कट, लोगो ने सुविधा के अनुसार बना दिए थे कट पॉइंट: हादसों में आएगी कमी- Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में 13.5 किमी लंबी निर्माणाधीन रोड पर आमजनो ने अपने हिसाब से कट लगा दिए थे। सोमवार को यातायात पुलिस,पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी सहित रोड का निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारियों के साथ रोड का निरिक्षण किया। बताया जा रहा हैं कि लगातार शिकायत मिल रही थी कि लोगो ने अपने हिसाब से रोड पर कट पॉइंट बना लिए हैं। इससे यातायात में परेशानी आने के साथ हादसो को भी आमत्रंण भी बना हुआ था।

यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने बताया कि सड़क निर्माण के समय लोगों ने अपनी सुविधानुसार कट पॉइंट बनवा लिए थे। निर्माण कंपनी ने भी तब अधिक ध्यान नहीं दिया और लोगों कहने पर करीब 40 कट पॉइंट छोड़ दिए। यह यातायात के लिहाज से ठीक नहीं था। इसी के संदर्भ में संबंधित विभाग और ठेकेदार के साथ सड़क का निरीक्षण किया। इसमें तय किया गया है कि 40 के बजाए सिर्फ 17 कट पॉइंट ही रहेंगे जो कि जरूरी हैं।

ज्यादा कट पॉइंट होने से यातायात तो बाधित होता ही है, साथ ही हादसा होने की आशंका भी बढ़ जाती है। अब थीम रोड पर सीआरपीएफ कैंप रोड, जेल रोड, बड़ा गांव, दुल्हासिंह रोड, गुना नाका इंडस्ट्रीयल एरिया, आइटीबीपी गेट नंबर 1, फतेहपुर रोड, महल रोड, लक्ष्मी निवास, बाबू क्वाटर रोड, वीआइपी रोड, ठकुरपुरा, नौहरीकलां, मेडिकल रोड 1 व 2 और बालाजी धाम के कट पॉइंट ही रहेंगे। शेष को बंद किया जाएगा। यातायात प्रभारी रणवीर यादव के साथ पीडब्ल्यूडी के एसडीओ हरिओम अग्रवाल और ठेकेदार कंपनी के मैनेजर रंजीत सिंह भी मौजूद रहे।

यातायात में आ रही थी परेशानी

जब सड़क का निर्माण हो रहा था तो डिवाइडर बनते समय लोगों ने अपनी सुविधानुसार कंपनी के कर्मचारियों को कट पॉइंट छोड़ने के लिए कह दिया। कर्मचारियों ने भी विवाद से बचने के लिए कट पाॅइंट छोड़ दिए थे। इससे बहुत कम-कम दूरी पर पॉइंट थे और वाहन यहां से मुड़ते थे। उससे बार-बार ट्रैफिक रुकता है और दूसरी ओर से आ रहे वाहन से टक्कर की आशंका भी रहती है। इसलिए अनावश्यक 23 पॉइंट बंद किए जा रहे हैं।