शिवपुरी। शहर के फतेहपुर क्षेत्र स्थित वार्ड 15 मास्टर कॉलोनी शिवपुरी में सूने घर में घुसकर अज्ञात बदमाश 60 हजार रु. कैश, एलईडी टीवी सहित अन्य सामान चुराकर ले गए हैं। बदमाश गेट के ऊपर लगा जाल तोड़कर घर में घुसे। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक बंटी बेड़िया पुत्र नाहर सिंह निवासी वार्ड 15 शिवपुरी पब्लिक स्कूल के सामने मास्टर कॉलोनी शिवपुरी के घर शुक्रवार-शनिवार की रात चोरी हुई।
बंटी का कहना है कि 11बजे की रात 2-3 बजे अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुस गए। घर से 60 हजार रु. नगद, 32इंच एलईडी टीवी व अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए हैं। इससे पहले भी दो बार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की जा चुकी है। लेकिन आवेदन देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब बदमाशों ने तीसरी बार फिर से चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
महिला सहित 5 लोगों को 12-12 साल की सजा
पिछोर। अपर सत्र न्यायाधीश पिछोर ने मुन्नालाल जाटव, जितेंद्र जाटव, कलावती पत्नी मुन्नालाल जाटव, हुकम सिंह जाटव, दिनेश जाटव को 12-12 साल सश्रम कारावास एवं 8-8 हजार रु. के अर्थदंड से दंडित किया है। मामले में पैरवी लोक अभियोजक ब्रजेश द्विवेदी ने की।
अभियोजन के अनुसार फरियादी बाबूलाल की लड़की रजनी 8 अक्टूबर 2015 की सुबह 8 बजे कुएं पर जा रही थी। उसी समय आरोपी दिनेश और जितेंद्र ने रोक लिया। गाली-गलौज करने लगे। जितेंद्र ने फर्शा, दिनेश कुल्हाड़ी व मुन्ना फर्शा, हुकुम लाठी लेकर गालियां देते हुए पहुंच गए। जितेंद्र ने बल्लू को जान से मारने की नीयत से सिर में दो फरसा मारा।
मुन्ना, हुकुमा व दिनेश ने बाबूलाल पर फर्सा, लाठी व कुल्हाड़ी से हमला किया। हुकुमा ने रामनिवास व रजनी की लाठी से मारपीट कर दी। कलावती बाई गाली देते हुए आई और आरोपीगण से बोली कि मारो इन सबको, किसी को भी मत छोड़ना। लोगों ने बीच बचाव किया। न्यायालय ने विचारण उपरांत दोषी पाते हुए 12-12 साल के कठोर कारावास से दंडित किया है।

