आफत के बाद मदद:आपदा प्रभावित क्षेत्रो में भोजन और सामग्री कि लिए टीम सक्रिय- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने रविवार की शाम को सभी अधिकारियों के साथ बैठक की और बाढ़ प्रभावित गांव में भोजन व्यवस्था और ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए नोडल और सहायक नोडल नियुक्त कर जिम्मेदारी सौंपी है।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह में जिले में हुई अतिवृष्टि के कारण कई गांव में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। वर्षा के कारण जिले के सैकड़ों गांव प्रभावित हुए हैं जहां लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। ऐसे ही बाढ़ प्रभावित गांवों में जहां पके भोजन सहित राशन अन्य आवश्यक सामग्री की जरूरत है वहां तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा है कि पूरी टीम सक्रिय रहे। जहां भी बाढ़ प्रभावित गांव हैं अधिकारी स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लें। पंचायत और अन्य माध्यमों से खाने की डिमांड देखें और लोगों तक तत्काल खाना पहुंचाया जाए और सूखा राशन के साथ अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाए। कोई भी व्यक्ति भूखा ना रहे। पंचायत स्तर पर समूहों के माध्यम से भोजन तैयार कराया जाये। बच्चों के लिए दूध, बिस्कुट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
G-W2F7VGPV5M