2 साल से लिव इन में रह रहा था युवक, शादी के लिए कहा तो हत्या करने की धमकी: बलात्कार और मारपीट का मामला दर्ज

Bhopal Samachar
शिवपुरी। खबर शहर की सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत आने वाले फतेहपुर क्षेत्र से आ रही हैकि फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला को न्याय के लिए उसे महिला थाने में धरना देना पडा। उसके बाद उसकी सुनवाई हुई। बताया जा रहा है कि महिला से शादी का वादा कर 2 साल से एक युवक लिव इन में रह रहा था,लेकिन महिला ने शादी के लिए कहा तो युवक ने शादी से माना करते हुए महिला के बच्चे ओर महिला की हत्या करने तक की धमकी दे डाली।

बताया जा रहा है कि फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने शोषण से भरा आवेदन एसपी राजेश सिंह चंदेल को सौंपा। एसपी ने उक्त आवेदन महिला थाना प्रभारी एसआई प्रियंका को फारवर्ड कर दिया। महिला का आवेदन पर कार्रवाई तो दूर उसे देखना तक मुनासिब नहीं समझा। यही नहीं, महिला को थाने से बाहर भगा दिया। अंततः पीड़िता कार्रवाई की मांग को लेकर महिला थाने पर ही धरने पर बैठ गई। इसके बाद देर शाम शिवपुरी एसडीओपी अजय भार्गव को महिला थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज करनी पड़ी।

2 साल से लिव इन में रहा:किया सब कुछ,शादी के नाम पर मुकरा
कोतवाली थाने के फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाली महिला के साथ बैराड़ क्षेत्र के ग्राम सिलपरी का मंगल धाकड़ पिछले दो साल से लिव इन में रह रहा था। जब महिला ने शादी के लिए दबाब बनाया, तो वह भागने लगा। मामले में कार्रवाई के लिए पीड़िता पहले कोतवाली गई। वहां से महिला थाने भेज दिया गया।

यहां सुनवाई नहीं हुई, तो पीड़िता शुक्रवार को एसपी राजेश सिंह चंदेल से मिली। एसपी ने फिर से आवेदन के साथ पीड़िता को महिला थाने भेजा। महिला जब फिर से महिला थाने पहुंची, तो उसे वहां से दुत्कार कर भगा दिया गया। ऐसे में पीड़िता धरना देने की बात कह कर महिला थाने पर ही बैठ गई है।

उसका कहना था, जब तक सुनवाई नहीं होगी, यहीं बैठी रहूंगी। मामले में जब महिला थाना प्रभारी एसआई प्रियंका से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

आरोपी सहित माता-पिता ने दिया था शादी का आश्वासन

पीड़िता ने बताया, करीब 8 साल पहले उसकी शादी हुई थी। 3 साल बाद पति की मृत्यु हो गई। बकौल पीड़िता उसके बाद वह बेटे और बेटी के साथ रह रही थी। दो साल पहले मंगल सिंह नामक युवक उसे मिला। उक्त युवक सहित उसके परिवार वालों ने उसे शादी का भरोसा दिया।

बच्चों को स्वीकारने का भरोसा दिया। इसी के चलते वह दो साल से मंगल सिंह के साथ लिव इन में रह रही थी। पीड़िता के अनुसार जब उसने शादी के लिए दबाब बनाया, तो अब मंगल भाग रहा है। यही वजह है कि मैं आरोपी के खिलाफ कार्रवाई चाहती हूं। इस प्रकरण में मंगल सिंह का पक्ष जानने के लिए जब उसे फोन किया, तो उसने शिकायत की बात सुनते ही फोन काट दिया। इसके बाद उसने फोन अटेंड नहीं किया।

शादी कर लूंगा, पर कर दूंगा हत्या

महिला का कहना है, पुलिस शिकायत के बाद आरोपी उससे मिला। धमकी दी है कि वह पुलिस दबाब में उससे शादी तो कर लेगा, लेकिन बाद में उसकी और उसके बच्चों की हत्या कर देगा। ऐसे में महिला भयभीत होने की बात कह रही है

इनका कहना हैं
एसडीओपी अजय भार्गव ने कहा कि मामले में मैं खुद महिला थाने पहुंचा था। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
G-W2F7VGPV5M