मानसून रूठा तो टोटकों का दौर प्रारंभ, बैराड़ क्षेत्र में किसानों के चेहरे खिले- Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में मानसून् की बेरूखी से किसान सहित आमजन परेशान है। शहर सहित अंचल के आसमान पर काले बादल डेरा तो डालते हैं लेकिन मेघ नहीं बरसाते हैं। ऐसा माहौल बीते कई दिनों से जारी है। ऐसे में अब किसान सहित अंचल के लोगों ने मानसून की मेहरबानी के लिए ईश्वर को मनाने के अलावा टोने टोटकों का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है।

भोलेनाथ को ही सौंप दिया ज्ञापन

करैरा में बारिश न होने से बेहाल भोले के भक्तों ने भोलेनाथ को ही बारिश करवाने के लिए ज्ञापन सौंप दिया है। यह अनूठा मामला करैरा का है। जहां किले पर मौजूद भोलेनाथ के मंदिर पर भोले के भक्त एकत्रित हुए भोलेनाथ को ही बारिश के लिए ज्ञापन सौंप दिया। भक्तों का कहना है कि भोलेनाथ ही अब उनकी नैया पार लगा सकते हैं।

मंदिरों के आसपास हो रही गोठ

गांवों में पुरानी परंपरा है कि मानसून के लिए गांव के लोग किसी मंदिर पर जाते हैं और वहां सपरिवार जाने के बाद खाना भी वहीं बनाते हैं और भगवान को भोग अर्पित कर खुद खाते हैं। ऐसा नजारा अब जिले के गांवों में नजर आने लगा है।

गर्मी से बेहाल लोग

इधर बारिश न होने से लोगों का गर्मी से बुरा हाल है ऐसे में कई मंदिरों पर बारिश के लिए पूजा पाठ की जा रही है तो दूसरी ओर भगवान के भक्त अच्छे मानसून के लिए उनसे प्रार्थना कर टोने टोटकों का भी सहारा ले रहे हैं।

बारिश न होने से किसान परेशान

इधर जिले में बारिश न होने से किसान भी परेशान है कई किसानों ने खेतों में जुुताई कर दी है तो कईयों ने तो बीज भी डाल दिया है ऐसे में बारिश की आस में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाएं देख रहा है।

बैराड़ क्षेत्र के कुछ गांवों में आज हुई बारिश से किसानों के चहरे खिले

आज दोपहर बैराड क्षेत्र के कुछ ग्रामीण इलाके में लगभग 30 मिनिट जमकर बारिश हुई। जिससे किसानों के चहरे खिल उठे। इस क्षेत्र में किसानों ने सोयाबीन मूंगफली सहित अन्य फसलों के बीज खेतों में डाल दिए थे। जो अब जलने की स्थिति में आ गए थे। परंतु जैसे ही आज बारिश हुई किसानों ने राहत की सांस ली।