मौत के स्पॉट बन रहे है पिकनिक स्पॉट, अगर जाए तो जरा संभलकर- Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी को नदियों तालाबों और झरनों के चलते पर्यटन नगरी का दर्जा दिया गया है। यहीं कारण है कि बारिश के दिनों में यहां सैलानी आते हैं और प्राकृतिक झरनों का आनंद लेते हैं लेकिन प्राकृतिक झरनों का यहीं आनंद कई बार पर्यटकों को मौत के मुंह में भी धकेल देता है। ऐसा वाकया एक दो बार नहीं बल्कि कई बार घटित हो चुका है। कई बार तो नदियों के तेज बहाव में नहाने के चलते कई घरों के चिराग तक बुझ चुके हैं।

मां बाप के सामने हो गई लाडलों की मौत

नरवर विकासखंड के कल्याणपुर घाट पर अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने गए दो युवकों की उनके ही माता पिता के सामने डूबने से दर्दनांक मौत हो गई। दोनों युवक पुरानी शिवपुरी के रहने वाले थे। युवक जुबैर खान और तौहिद खान अपने माता पिता के साथ पिकनिक मनाने गए थे लेकिन छोटा तौहिद का नदी के तेज बहाव के चलते पैर फिसल गया जिसे बचाने के लिए जुबैर नदी में कूंदा तो लेकिन तेज बहाव में वह भी नदी में डूब गया और माता पिता के सामने ही उनके दोनों लाडलों की मौत हो गई।

सुल्तानगढ पर मरे थे 16

कुछ साल पहले 15 अगस्त के दिन पिकनिक मनाने पहुंचे ग्वालयिर के कुछ परिवारों पर ऐसा कहर टूटा कि वह प्राकृतिक झरनों का आनंद लेने के लिए सुल्तानगढ पर आए थे लेकिन यह आनंद उनके लिए मौत का पर्याय बन गया। सुल्तानगढ पर पानी का अचानक तेज बहाव आया कि चटटान पर नहा रहे लोग अचानक से संभल नहीं पाए और पानी के तेज बहाव में डूबने से 16 लोगों की दर्दनांक मौत हो गई।

पवा पर भी हर साल होते हैं हादसे

पवा वाटर फाल पर भी हर साल हादसे होते हैं और बारिश के दिनों में पानी के तेज बहाव के चलते यहां का झरना तेज गति से बहता है जिसके वहाव में चटटान पर या उसके आसपास नहा रहे लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं।

हांलाकि इस मामले में कल एसडीएम शिवपुरी ने सभी हॉट स्पॉट पिकनिक स्पॉट पर धारा 144 लागू करते हुए इन पर जाना प्रतिबंधित कर दिया है।