दहेज में दो लाख रूपए और कार नहीं दी तो प्रियंका को घर से निकाल दिया - Shivpuri News

शिवपुरी। फरियादी प्रियंका पत्नी पदम सिंह हाडा निवासी गुरिच्छा की रिपोर्ट पर गोर्वधन थाना पुलिस ने उसके ससुराल पक्ष के 9 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज कर लिया है। दहेज न मिलने पर आरोपियों ने फरियादी प्रियंका को घर से निकाल दिया था।

फरियादी प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह अंताबारां राजस्थान में 6 मई 2017 को पति पदम सिंह के साथ हुआ था। शादी में उसके मायके वालों ने पर्याप्त दहेज दिया था। लेकिन ससुराल वाले दहेज मेें कार व दो लाख रूपए की मांग कर रहे थे, जो कि उसके मायके वालों की सामर्थ के बाहर था।

ससुराल में आने के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताडि़त करने लगे और दो लाख रूपए तथा कार की मांग उन्होंने करना शुरू कर दी। जब उनकी मांग की पूर्ति नहीं हुई तो आरोपियों ने उसकी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।

गोवर्धन थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी के पति पदम सिंह, नंदसिंह, उम्मेद सिंह, रघुवीर सिंह, राधिका, अरविंद, सीटी कंवर, राजेंद्र सिंह परमार, धनकुंवर के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज कर लिया है।

एक अन्य मामले में भी दहेज आरोपियों पर हुई कायमी
पोहरी थाना पुलिस ने विवाहित महिला सपना पत्नी राहुल पटवा निवासी मामौन टीकमगढ की रिपोर्ट पर उसके पति, ससुर, सास, देवर-देवरानी और नंद के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज कर लिया है।

फरियादी महिला सपना ने थाने में रिपोर्ट लिखाई कि उसके ससुराल वाले दहेज में 1 लाख रूपए और बाइक मांग रहे थे। जब इन मांगों की पूर्ति नहीं हुई तो उसके पति राहुल, ससुर बाबूलाल, सास विनीता, देवर धर्मेंद्र तथा देवरानी और नंद ने उसकी मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया।