शिवपुरी। शिवपुरी जिला अब कोरोना के मामले में शून्य की ओर बढ रहा हैं,कोरोना मुक्त जिला होने में अब सिर्फ 3 कदम दूर हैं। जिला अस्पताल के आईशोलेशन वार्ड भी मरीज मुक्त हो चुका हैं,वर्तमान समय में अस्पातल में एक भी कोरोना पॉजीटिव मरीज भर्ती नही है। कभी इस वार्ड में भर्ती होने के लिए एक जंग से लडनी पडती थी लेकिन अब वह सूना पडा है।
सीएमएचओ आफिस से जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार 1 जुलाई को जिले के 1336 लोगो की जांच रिर्पोट प्राप्त हुई हैं,उनमे से 1321 की जांच रिर्पोट निगेटिव है और 15 रिजेक्ट हुई हैं इस प्रकार पॉजीटिव मरीजो की संख्या जीरो रही। वर्तमान में जिले में मात्र 3 केस पॉजीटिव हैं वह भी होम आईशोलन में है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि 4 माह बाद ऐसा हुआ है कि जिला अस्पताल में एक भी कोरोना का मरीज भर्ती नही है।
हालात यह थे कि जब 20 मार्च के बाद कोरोना के केस लगातार बढ़ने शुरू हुए और भर्ती होने वालों मरीजों की संख्या अप्रैल तक 100 से अधिक पहुंच गई तब हालात यह थे कि आईसीयू वार्ड में भर्ती होने के लिए दिल्ली, भोपाल से मंत्रियों तक के फोन आते थे, उपलब्धता होने पर हम बेड ईशु भी कर देते थे। लेकिन कभी-कभी हालात ऐसे होते थे कि उनकी सिफारिश के बाद भी हम मरीज को पलंग नहीं दे पाते थे।
तब उन्हें हम जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर करते थे। कुल मिलाकर हालात यह हैं कि 1 सैकड़ा से अधिक मरीजों को लगातार उपचार प्रतिदिन जिला चिकित्सालय में मिला और इतने ही मरीज अगले दिन भर्ती के लिए फिर आ जाते थे। बहुत कठिन समय था वह, ऐसे समय में किसी की मृत्यु हो जाने पर तो और कष्ट होता था।
आज हालात इसके उलट है। प्रशासनिक पहल और लोगों की जागरूकता की वजह से कोरोना संक्रमण घटा है और अब एक भी मरीज जिला चिकित्सालय में आज भर्ती नहीं है। यह बहुत लंबे समय बाद ऐसा सुखद अवसर आया है, जब कोरोना का एक भी मरीज नहीं है।

