नरवर। खबर जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मगरौनी चौकी पुलिस ने फरियादी किसान जगदीश पुत्र बख्सीस सिंह सिक्ख निवासी गडौली की रिपोर्ट पर 4 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जिन आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है, उनके नाम हैं बेअंत सिंह, सनी सिक्ख, संदीप सिक्ख और करण सिंह।
इन आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने किसान को 11 लाख रूपए की राशि नहीं दी। फरियादी ने अपने जमीन में उन्हें धान की खेती करने की इजाजत दी थी और इसके बदले में 15 लाख रूपए आरोपियों को अदा करने थे। लेकिन फरियादी को आरोपियों ने सिर्फ 4 लाख रूपए दिए।
फरियादी जगदीश सिंह ने बताया कि उसने अपनी 20 हैेक्टेयर जमीन धान की पैदावार करने आरोपी बेअंत सिंह को 15 लाख रूपए के ठेके पर दी। यह सौदा जुलाई 2020 में तय हुआ और 2 लाख रूपए नगद जगदीश को दिए गए।
उक्त जमीन में 850 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ और बेअंत सिंह उसमें से 350 क्विंटल धान ले गया। जबकि 500 क्विंटल धान जगदीश सिंह को दे गया। कुछ दिनों बाद जब धान की कीमत बढ़ी तो आरोपी बेअंत सिंह फरियादी से 500 क्विंटल धान भी ले गया।
जब फरियादी ने उससे 13 लाख रूपए मांगे तो उसने 2 लाख रूपए दिए और शेष रूपए देने से मना कर दिया। इस पर फरियादी ने बेअंत सिंह और उसके तीन साथियों के विरूद्ध नरवर थाने की मगरौनी चौकी में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।

