कचरे में आग लगा रहा था दीवान प्रमोद श्रीवास्तव, पटाखा फूटा, गंभीर - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शहर के सिटी सेंटर कॉलोनी में रात्रि के समय पड़ोसियों की लापरवाही से देहात थाना में पदस्थ दीवान प्रमोद श्रीवास्तव दुर्घटना का शिकार हो गए। हुआ यूं कि उनके घर के पास खाली पड़े प्लॉट मेें कॉलोनी के लोगों ने दीपावली की सफाई करने के बाद कचरा एकत्रित कर दिया। 

जिसे बहुत दिन बीत जाने के बाद जब दीवान प्रमोद श्रीवास्तव ने देखा तो उन्होंने उक्त कचरे को नष्ट करने के लिए आग लगा दी। जिसमें एक पटाखा डला हुआ था, जो आग लगते ही तेज धमाके के साथ फट गया। इस घटना में प्रमोद श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी आंख सहित हाथ और पैर क्षतिग्रस्त हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के अनुसार सिटी सेंटर कॉलोनी में दीवान प्रमोद श्रीवास्तव निवास करते हैं। बीती रात जब वह घर पर थे तो उनके घर के पास खाली पड़े प्लॉट में काफी कचरा पड़ा हुआ था। जिससे उनके घर में बदबू आ रही थी और मच्छरों का भी वहां जमावड़ा हो रहा था। 

इस समस्या को देखते हुए उन्होंने किसी से कुछ कहे बिना ही स्वयं कचरे को नष्ट करने का निर्णय लिया और घर से निकलकर उक्त कचरे में आग लगा दी। कचरे में आग लगते ही वहां पड़ा एक पटाखा फट गया। चूकि श्री श्रीवास्तव को यह मालूम नहीं था कि उक्त कचरे में पटाखा पड़ा है। 

जब आग के सम्पर्क में आते ही पटाखा फटा तो श्री श्रीवास्तव वहीं पास में ही खड़े थे। जो धमाके की चपेट में आ गए और उनका शरीर झुलस गया। आंख में गंभीर चोट आ गई। तुरंत ही उन्हें अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया। श्री श्रीवास्तव के परिजनों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि पूरी कॉलोनी थर्रा गई। पूरी कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए।
G-W2F7VGPV5M