शिवपुरी। एक माह से लापता ट्रक चालक सुनील जाटव के पिता ने जनसुनवाई में आवेदन देकर उसके पुत्र का पता लगाने तथा आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।
बैराड़ थाना क्षेत्र के कालामढ़ निवासी फरियादी किशन जाटव ने आवेदन में कहा है कि उसका पुत्र सुनील जाटव राजू गुर्जर निवासी शिवपुरी के ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 6545 के चालक के रूप में नौकरी करता है। वह 16 नबंवर को ट्रक लेकर गया था और उसकी अपने पुत्र से 22 नबंवर को मोबाइल पर बात हुई थी। जिसमें उसने बताया कि वह भोपाल से बारदाना लेकर भिंड की ओर जा रहा है।
इसके बाद उसके पुत्र का कोई फोन नहीं आया और न ही वह स्वयं आया। उसे कुछ सूत्रों से पता चला कि मालनपुर के आगे उसके ट्रक की किसी कार से टक्कर हुई थी और ट्रक क्लीनर आशु सैन का कहना है कि उसे सुनील का कुछ पता नहीं है। दुर्घटना के बाद सुनील ने उससे कहा था कि तू भाग जा, इसलिए मैं भाग निकला।
दुर्घटना के बाद ट्रक क्लीनर लौटकर आ चुका है और ट्रक भी मालिक राजू के पास आ गया है। लेकिन उसके पुत्र के संबंध में न तो ट्रक मालिक और न ही क्लीनर कोई संतोषजनक जबाव दे रहा है, जिससे उसे अनिष्ठ की आशंका है। इस संबंध में फरियादी ने आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।

