पुलिस को बगैर सूचना दिए पिता का अंतिम संस्कार करने वाले पुत्र पर मामला दर्ज - Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस के ग्राम चकरा में बिगत मई माह में नरवाई जलाते समय 70 वर्षीय जगन्नाथ दांगी की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मृतक के पुत्र महेंद्र दांगी के खिलाफ भादवि की धारा 176 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी पुत्र ने पुलिस को बिना जानकारी दिए घटना के बाद पिता का दाह संस्कार कर दिया था। 

ज्ञात हो कि 22 मई 2020 को जगन्नाथ दांगी अपने खेत में पड़ी नरवाई को जला रहा था। तभी उसे चक्कर आ गए और वह आग की लपटों में गिर गया और उसकी जलकर मौत हो गई। मृतक पिछले 15 वर्षो से बीमारी से ग्रसित था और उसे आए दिन चक्कर आ जाते थे। जगन्नाथ की मौत के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी बिना पुलिस को दिए ही जगन्नाथ का अंतिम संस्कार कर दिया। 

बाद में जब पुलिस को घटना की जानकारी लगी तो वह गांव में पहुंचे। लेकिन जगन्नाथ का अंतिम संस्कार होने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी और पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की और विवेचना उपरांत यह स्पष्ट हुआ कि मृतक जगन्नाथ की मौत उसकी बीमारी के कारण आए चक्कर के दौरान वह जलती आग में गिर जाने से हो गई थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मृतक के पुत्र महेंद्र दांगी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। इस कारण उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।