पिछोर। मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोंगा निवासी एक युवक की शराबी युवकों ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर उसकी जमकर मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया और उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। इसके बाद पीडि़त युवक थाने पहुंचा। जिस पर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरूद्ध भादवि की धारा 294, 323, 506, 327, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह पुत्र दातार सिंह यादव उम्र 32 साल निवासी ग्राम टौंगा बीती रात्रि 9 बजे किसी काम से पीपलखेड़ा जा रहा था। तभी रास्ते में पिछोर रन्नौद रोड़ पुलिस के पास उसे राहुल लोधी, सुनील लोधी, गौरव झा और एक अन्य ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब के लिए पैसे मांगने लगे।
जब राजेंद्र ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने उसे बुरी-बुरी गालियां देते हुए उसकी लात घूंसों से जमकर मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया और आरोपी से जान से मारने की धमकी देकर वहां चले गए।

