घर जल्दी जाने के चक्कर में पलट गया ट्रैक्टर, 2 किसानों की मौत - karera News

करैरा। करैरा के बेरखेड़ा गांव में गेहूं की बोवनी करने के बाद शॉर्टकट रास्ते से घर जाने के लिए ट्रैक्टर टीले पर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर पलट जाने से दो किसान युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक घायल हो गया है। बुधवार की शाम ट्रैक्टर के नीचे दबने से दोनों युवकों की जान चली गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार मनोज पुत्र टुंडा जाटव उम्र 28 वर्ष निवासी बेरखेड़ा अपने खेत में बोवनी करने के लिए महेंद्र पुत्र वीरेंद्र जाटव उम्र 24 वर्ष का ट्रैक्टर लेकर गया था। इस दौरान मनोज का भाई वीकेश जाटव भी साथ गया था। जुताई करके खेत की बोवनी भी कर दी। शाम करीब 5 बजे घर जाने के लिए शॉर्ट कट अपनाने की कोशिश में ट्रैक्टर को टीले पर चढ़ा दिया। 

टीले पर चढ़ते ही ट्रैक्टर पलट गया और मनोज जाटव व महेंद्र जाटव की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर से नीचे गिरने से वीकेश जाटव घायल हो गया। गांव वालों को हादसे की सूचना लगी तो तीनों को शाम 7 से 8 बजे के बीच जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने महेंद्र व मनोज को मृत घोषित कर दिया और वीकेश को भर्ती कर लिया। 

दूसरे दिन हालत में सुधार देखकर वीकेश को छुट्टी दे दी। घायल वीकेश जाटव का कहना है कि खेत में गेहूं की बोवनी हो जाने के बाद घर जाने वाले थे। टीले से शॉर्टकट जाने की बात पर मैंने भाई मनोज जाटव को टोकते हुए आगे की तरफ सही रास्ते से ट्रैक्टर ले जाने की बात कही। लेकिन उन्होंने जल्द घर पहुंचने के लिए ट्रैक्टर को टीले पर चढ़ा दिया और ट्रैक्टर पलट गया। मनोज व महेंद्र की मौत से गांव में मातम छा गया है।