DRM का निरीक्षण: रेलवे स्टेशन पर खर्च होंगे ढाई करोड़, प्रवेश द्धार पर बनेगा डोम और गोलाकार फाउंटेन - Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी का रेलवे स्टेशन जल्द नए रूप में नजर आएगा। यहां आने-जाने के लिए बना पुराना रैंप तोड़ दिया गया है। उसकी जगह अब नया रास्ता बनाया जा रहा है। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर डोम बनाया जा रहा है जिसके नीचे गोलाकार फाउंटेन रहेगा। रेल यात्रियों के स्टेशन के अंदर आने और जाने के लिए रास्ते भी अलग-अलग बनाए जा रहे हैं।

रेलवे मंडल भोपाल के डीआरएम उदय बोरवणकर गुरुवार दोपहर 1.15 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे और डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक निरीक्षण किया। डीआरएम ने बताया कि शिवपुरी रेलवे स्टेशन को पहले से सुंदर बनाने के लिए करीब ढाई करोड़ के कार्य कराए जा रहे हैं। स्टेशन के ऊपर बड़ा राष्ट्र ध्वज भी लगाया जाएगा। निर्माण कार्य मार्च 2021 तक पूरा हो जाएगा। पुराना रैंप ठीक नहीं था, उसे तोड़कर ड्राप एंड गो बना रहे हैं, जिससे यात्री एक रास्ते से आएंगे और दूसरे से जा सकेंगे। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्री गाडिय़ों से सीधे ऊपर पहुंच सकेंगे।

ग्वालियर तक विद्युतीकरण का काम पूरा, बढ़ेगी गाड़ियां

डीआरएम उदय बोरवणकर ने कहा कि इलेक्ट्रिफिकेशन का काम ग्वालियर तक पूरा हो गया है। स्टेशन पर भी सुधार का काम होता रहेगा। अब पैसेंजर और मेल एक्सप्रेस ट्रेन चालू होना है। आशा करते हैं कि इस रूट से और गाडिय़ां चालू करेंगे। पनिहार में भी माल लदान की संभावना दिख रहीं हैं। लोगों ने रुचि दिखाई है। शिवपुरी में भी हम गुड्स शेड सर्विस में सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।

पनिहार, मोहना और घाटीगांव स्टेशन का भी लिया जायजा

मंडल रेल प्रबंधक बोरवणकर ने ग्वालियर-शिवपुरी रेल खण्ड के रेल पुल, रेल पथ, संरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े संसाधनों, ओएचई लाइन, संबद्ध उपकरण, सिग्नल प्रणाली आदि का निरीक्षण कर उनकी कार्य क्षमता को परखा और बेहतर रखरखाव के पर अधीनस्थों से चर्चा की।

डीआरएम ने शिवपुरी के अलावा पनिहार, मोहना, घाटीगांव स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाएं, खानपान यूनिट, आरक्षण व बुकिंग कार्यालय, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफार्मों एवं सर्कुलेटिंग एरिया की साफ-सफाई का जायजा लिया। स्टेशन पर रेलवे डॉक्टर ने स्थानीय कर्मचारियों का स्वास्थ परीक्षण भी किया।