करैरा। जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना पुलिस ने लूट के प्रयास और दो साल पुराने चोरी के मामले का गुरुवार को खुलासा किया है। संदेह के आधार पर पकड़े गए गूंगा से चोरी का राज उगलवा लिया। साथ ही कागज पर लिखवाकर एटीएम सहित दो साथियों के नाम पता करके पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक नवंबर 2020 में धारा 457, 380 के प्रकरण में एक गूंगा नाम के संदेही को उठाकर पूछताछ की। बोल नहीं पाने की वजह से उसका नाम गूंगा पड़ा। बताया जा रहा है कि गूंगा उर्फ शिवसिंह ठाकुर निवासी टोरियाकलां करैरा ने पूछताछ में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
कागज पर अपने दो साथियों के नाम भी लिखकर दे दिए। जिनके नाम विशाल उर्फ एटीएम और अजय कुशवाह बताया जा रहा है। तीनों से पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल और जिस बाइक से चोरी करने आए थे, उसे भी जब्त कर लिया है। दोनों बदमाश झांसी के रहने वाले हैं। अपने गूंगा दोस्त की मदद से दिनारा क्षेत्र में चोरियां और लूट की कोशिश की थी।

