शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र के सुरवाया के पास स्थित खालसा होटल के पास आज सुबह एक हादसे में यूपी के कुशवाह परिवार के 13 सदस्य घायल हो गए। जिनमें एक महिला राधा पत्नी विकास कुशवाह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी उत्तरप्रदेश के कालपी से आर्टिका में सवार होकर गुजरात के बडौदरा जा रहे थे। तभी खालसा होटल के पास आर्टिका का पिछला टायर फट गया और आर्टिका अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल लाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। इस घटना में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने एक 8 वर्षीय बालक हिमांशु कुशवाह को गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर किया है। जबकि अन्य घायलों कों आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में विवेचना प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार यूपी के कालपी क्षेत्र के निवासी कुशवाह परिवार के 13 सदस्य रात्रि में आर्टिका में सवार होकर गुजरात जाने के लिए घर से निकले थे। जहां सुबह उन्होंने झांसी के पास स्थित मंदिर पर पूजा की और इसके बाद वह शिवपुरी की ओर रवाना हो गए।
सुबह करीब साढ़े 8 बजे जैसे ही उनकी आर्टिका कार सुरवाया से आगे खालसा होटल के पास पहुंची तभी बुलेरो का पिछला टायर अचानक फट गया। जिससे आर्टिका पलट गई। इस हादसे में आर्टिका में सवार लल्लू पुत्र मानसिंह कुशवाह उम्र 20 वर्ष, राधा पत्नी विकास कुशवाह उम्र 20 वर्ष, आनव पुत्र मंगल कुशवाह उम्र 8 वर्ष, प्रज्ञा पुत्री विकास कुशवाह उम्र 2 वर्ष, आरोही पुत्री जीतू कुशवाह 6 माह, सोम पुत्र विकास कुशवाह उम्र 5 वर्ष, पप्पी पुत्र रामपाल कुशवाह उम्र 24 वर्ष, ममता पत्नी मंगल कुशवाह उम्र 30 वर्ष, शिवांश पुत्र कमल कुशवाह उम्र 4 वर्ष, मोहिनी पत्नी दीपू कुशवाह उम्र 22 वर्ष, मंगल सिंह पुत्र सुख प्रसाद कुशवाह उम्र 31 वर्ष, विकास पुत्र भानूप्रसाद कुशवाह उम्र 25 वर्ष, हिमांशु पुत्र मंगल सिंह उम्र 6 वर्ष घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वहां बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर देहात थाना पुलिस पहुंची और घायलों को एनएचएआई एम्बुलेंस 1033 की सहायता से शिवपुरी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया।
जहां 6 वर्षीय शिवांश की हालत काफी गंभीर थी। जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। जबकि दोपहर में राधा पत्नी विकास कुशवाह की इलाज के दौरान मौत हो गई। शेष अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी हैं।

