‘रोको टोको अभियान’ को व्यापक बनाएं, जिला अधिकारियों को बैठक में दिए कलेक्टर ने निर्देश- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। कोरोना वायरस के प्रति जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से रोको टोको अभियान शुरू किया गया है। ताकि लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा सके क्योंकि यह सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इसी संबंध में सभी विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि रोको टोको अभियान को व्यापक बनाएं। इसे ग्राम स्तर तक पहुंचाएं। इसके लिए ग्राम स्तर के कर्मचारियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करें। 

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी उनके घर, दफ्तर, और आसपास तथा विभाग से संबंधित हितग्राहियों और विभिन्न संस्थाओं पर रोको टोको अभियान के स्टीकर वितरित करें। साथ ही समस्त पत्राचार में कोविड-19 और रोको टोको अभियान से संबंधित स्लोगन व सील का उपयोग करें। साथ ही इस अभियान का एक अन्य महत्वपूर्ण अंग है लोगों को कोविड से सावधानी बरतने, निर्देशों का पालन करने के लिए शपथ दिलाना। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी, स्कूल, छात्रावास और स्वसहायता समूह आदि संस्थाओं में इस रोको टोको अभियान का संचालन करें। ताकि हर घर तक इसकी जानकारी पहुंचे।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी वर्मा, अपर कलेक्टर आर.एस. बालोदिया, डिप्टी कलेक्टर मनोज गरवाल, अंकुर गुप्ता एवं शिवांगी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

आज आंगनबाड़ियों में चलेगा अभियान

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी ने बताया की 27 नवंबर को जिले की समस्त आंगनबाड़ियों में रोको-टोको अभियान चलाया जाएगा। आंगनवाड़ी में कार्यकर्ता, सहायिका एवं किशोरी बालिकाओं और संबंधित ग्राम एवं वार्ड की महिलाओं द्वारा कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतनें और इस अभियान में भागीदारी करने के लिए शपथ ली जाएगी।
G-W2F7VGPV5M