इस सीजन में पहली बार गिरा भदैयाकुण्ड का झरना / Shivpuri News

शिवपुरी। लंबे इंतजार के बाद कल रात शिवपुरी में मौसम मेहरवान हुआ। रात 9 बजे के बाद वर्षा का सिलसिला जो शुरू हुआ वह सुबह तीन-साढ़े तीन बजे तक जारी रहा। रूक-रूक कर होती रही बरसात से भदैयाकुण्ड में पानी का स्तर बढ़ गया है। बरसात होने से लोगों ने राहत की सांस ली है और मौसम भी खुशगवार हो गया है। तापमान में भी गिरबट महसूस की जा रही है।

शिवपुरी जिले में कुल मिलाकर कल तक 361 मिमी बरसात हुई थी। जो बिगत वर्ष की तुलना में लगभग 60 एमएम कम थी। जिले में वर्षा का औसत स्तर 816.3 एमएम है। अपर्याप्त वर्षा के कारण किसान और आमजन परेशानी महसूस कर रहे थे।

देर से बरसात होने के कारण बहुत से किसानों ने तो बोनी भी नहीं की। पिछले दो तीन दिन से आसमान में बादल छा रहे थे। लेकिन बरसात नहीं हो  रही थी। परंतु कल रात से अचानक मौसम में बदलाव हुआ। ठंडी हवाओं के साथ-साथ रात 9 बजे से पानी बरसने लगा और थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद रूक-रूक कर वर्षा होती रही। इस सीजन में ऐसा पहली बार हुआ है जब झरना इतने पानी के साथ गिरा है। इस झरने के गिरने की सूचना मिलते ही यहां पब्लिक पहुंचने लगी है।