पोहरी। लगातार बढ़ते जा रहे देश भर में कोरोना के मामले लोगों को आगाह कर रहे हैं कि आप सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का उपयोग अवश्य करें, परंतु गरीब मजदूर बेबस लोग बैंक के दरवाजे पर आकर सरकार के सारे नियमों को भूल कर एकत्रित हो जाते हैं, इन्हें व्यवस्थित रूप से खड़ा करने के लिए ना तो भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पोहरी में गार्ड लगाए गए और ना ही लोगों को धूप एवं बारिश से बचने के लिए कोई व्यवस्था की गई है।
यह बताना आवश्यक होगा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किसानों के खाते में जो 2000 की राशि जमा कराई गई है उसे लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान, कर्मचारी, पेंशनधारी एवं मजदूर बैंक तक पहुंच रहे हैं। परंतु शाखा प्रबंधक की लापरवाही के चलते यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है।
लोगों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करने के लिए ना तो गोले बनाए गए हैं और ना ही उन्हें समझाने के लिए या लाइन लगाने के लिए कोई गार्ड तैनात किए गए। अब यदि ऐसे में कोई संक्रमित मरीज इस भीड़ का हिस्सा बनता है तो पोहरी में कोरोना का कितना बड़ा विस्फोट होगा इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।

