सरियों पर गिरा बिजली का तार, करंट से एक की मौत / kolaras news

कोलारस। बदरवास जनपद उपाध्यक्ष रामवीर सिंह यादव का खतौरा कस्बे में मकान का काम चल रहा है। दो मजदूर युवक दोपहर के समय सरियों पर बैठकर खाना खा रहे थे। तभी लाइट फिटिंग का काम करते समय तार सरियों पर गिर गया। दोनों युवकों को करंट लगा,जिसमें एक युवक की जान चली गई है।

मजदूर मुन्नालाल (22) पुत्र रघुवीर जाटव निवासी ठाटी और साथी परमाल (18) पुत्र राधे जाटव शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे काम के बाद सरियों पर बैठकर खाना खा रहे थे। मकान में दूसरे लोग लाइट का काम कर रहे थे। अचानक एक तार नीचे सरियों पर गिर गया। सरियों में करंट फैल गया, उसके ऊपर बैठे मुन्नालाल जाटव को करंट लग गया।

मुन्नालाल को बचाने की कोशिश में परमाल को भी करंट लग गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक अस्पताल बदरवास लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान मुन्नालाल जाटव की बदरवास में मौत हो गई। वहीं परमाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रैफर कर दिया।