शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्रांतर्गत शारदा सॉल्वेंट से आगे फोरलेन हाईवे पर शिवशक्ति वेयर हाउस मेें समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी चल रही है। गोदाम पर 13 जून तक खरीदी चली और 14 जून को पोर्टल बंद होने की बात कहकर खरीदी बंद कर दी। कही से भी समाधान नहीं निकला तो किसान फोरलेन हाईवे पर आ गए। पत्थर रखकर फोरलेन हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देर शाम दो नामजद सािहत करीब 18 किसानों के खिलाफ देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फोरलेन हाईवे के पास स्थित शिवशक्ति वेयर हाऊस पर समर्थन मूल्य पर किसानों का चना खरीदा जा रहा हैं। रविवार को खरीदी केंद्र प्रभारी ने पोर्टल बंद हो जाने की वजह से चना तौलने से मना कर दिया तो किसानों ने फोरलेन हाईवे पर पत्थर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे से शुरू हुए चक्काजाम की सूचना पुलिस को मिली।
जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम ने भोपाल बातचीत कर पोर्टल 15 जून तक के लिए खुलवा दिया है। पूछताछ में सामने आया कि सोसायटी की तरफ से 13 जून तक खरीदी पूरी हो जाने की बात की थी। उसी आधार पर पोर्टल बंद हो गया था। लेकिन देर शाम देहात थाना पुलिस ने किसान ईशाक खान निवासी गोपालपर और देवेंद्र रावत निवासी करमाजकलां सहित 18-20 अन्य किसानों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

