शिवपुरी। कोरोना के मामले में शिवपुरी के लिए राहत भरी खबर आ रही हैं। अब कोरोना के लिए जांच सैंपल ग्वालियर नही जाऐगें। अब जिला अस्तपाल में सोमवार से ट्रू-नेट मशीन कोरोना की जांच शुरू हो गई।
अब रिपोर्ट के लिए दो दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस मशीन के जरिये महज 65 मिनट में कोरोना का टेस्ट हो जाएगा। दो शिफ्टों में काम हुआ तो इस मशीन से एक ही दिन में 40 टेस्ट हो सकेंगे।
खास बात यह है कि ग्वालियर संभाग में शिवपुरी पहला जिला है जहां जिला अस्पताल में कोविड-19 की जांच शुरू हुई है। हालांकि जो सैंपल पॉजिटिव निकलेंगे, उन्हें पुष्टि के लिए पुन: जांच कराने ग्वालियर भेजा जाएगा।
जिला अस्पताल परिसर में कलेक्टर अनुग्रहा पी, एसपी राजेश सिंह चंदेल, सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. ईला गुजारिया ने ट्रू-नेट मशीन का शुभारंभ किया। इसमें पहला ओरल सैंपल एसपी राजेश सिंह चंदेल और दूसरा सैंपल सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा का लिया गया।
ट्रू-मशीन से कोविड-19 जांच की प्रक्रिया समझाते हुए सीएमएचओ डॉ.शर्मा ने बताया कि सैंपल लेने के बाद आरएनए सेप्रेटर मशीन से 20 मिनट की प्रक्रिया में सैंपल से आरएनए अलग किया जाएगा। इसके बाद 45 मिनट की प्रक्रिया में आरएनए अलग होने के बाद सैंपल को माइक्रोचिप से टेस्ट किया जाएगा।
यदि टेस्ट पॉजिटिव है तो कोविड-19 की रिपोर्ट को प्रिंटर डिटेक्टेड लिखकर प्रिंट करेगा। यदि टेस्ट निगेटिव है तो नॉट डिटेक्टेड की रिपोर्ट प्रिंटर से प्रिंट होकर निकलेगी। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. पीके खरे, आरएमओ डॉ. राजकुमार रिषीश्वर, डॉ. साकेत सक्सेना, डॉ. आशीष व्यास और नोडल अधिकारी डॉ. पवन राठौर भी मौजूद रहे।
घंटे भर में ही मिलेगी रिपोर्ट
ग्वालियर संभाग का शिवपुरी पहला जिला है जहां ट्रू नेट मशीन से कोविड-19 की जांच शुरू हुई है। इससे कम समय में जांच रिपोर्ट यहीं मिल जाएगी। जिन केस की जांच में 48 घंटे लगते थे, उनकी रिपोर्ट अब कुछ घंटे में ही मिल सकेगी।
डॉ. एएल शर्मा, सीएमएचओ, शिवपुरी
ग्वालियर नहीं भेजना होंगे सैंपल
अभी पॉजिटिव केस को री टेस्ट के लिए ग्वालियर भेजना होगा। हमने शासन को ऑर्डर भेज दिया है। हमारे मेडिकल कॉलेज में कुछ समय में ही आरटी पीसीआर मशीन आ जाएगी। इसके बाद कंफर्मेशन टेस्ट के लिए सैंपल ग्वालियर नहीं भेजने पड़ेंगे। डॉ. इला गुजारिया, डीन, मेडिकल कॉलेज
अभी ग्वालियर सैंपल भेजने पर 48 घंटे में मिल रही रिपोर्ट
अभी तक संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने के बाद कोरोना की जांच के लिए ग्वालियर भेजे जा रहे थे। यहां से जांच होने के बाद रिपोर्ट 48 घंटे में शिवपुरी आती थी। कुल मिलाकर सैंपल जाने के बाद 2 दिन तक मरीजों को जांच का इंतजार करना पड़ता था। अब कुल 65 मिनट जांच रिपोर्ट सामने आ जाएगी।

