भाजपा चुनावी मोड में, कांग्रेस साइलेंट, 2 नेताओं के दौरे से बढ़ी राजनीतिक हलचल / Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। प्रदेश में होने वाले उप चुनाव के साथ ही शिवपुरी जिले की दो विधानसभा सीटों पर चुनाव होना हैं। कांग्रेस के खाते वाली इन दोनों ही सीटों पर अपना कब्जा जमाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कमर कसकर धरातल पर चुनावी मोड पर आ चुकी हैं।

कोरोना संकट के बीच भाजपा के बड़े नेता क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने में जुट गए हैं इतना ही नहीं वे किसान मजदूरों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को न केवल सुन रहे हैं बल्कि उन्हें सुलझाने के प्रयास भी कर रहे हैं। उधर कांग्रेस पार्टी की चुनावी पर प्रकाश डालते हैं तो पता चलता हैं कि कांग्रेसी नेता तैयारियां तो दूर वे अपने अज्ञातवास से बाहर निकलते हुए दिखाई नहीं दे रहे।

सिंधिया के प्रभाव वाली पोहरी विधानसभा सीट से टिकिट की चाहत रखने वाले अधिकांश नेता  फेसबुक और व्हाट्सएप पर टिकिट मांगते हुए अवश्य दिखाई दे जाते हैं।  जो नेता चुनाव लडऩे का मनसुबा पाले हुए हैं वे नेता क्षेत्र में कोई खास अपना जनाधार रखते हैं ऐसा लगता नहीं हैं और न ही उनके पास चुनाव जीतने का कोई गणित हैं।

चर्चा यह भी हैं कि स्व. माधवराव सिंधिया से लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के खास समर्थक माने जाने वाले रामनिवास रावत पोहरी सीट से उप चुनाव लडऩे की तैयारी गुपचुप तरीके से कर रहे हैं। श्री रावत जनता का मन टटोलने के लिए सर्वे भी करा रहे हैं। ऐसी खबर उनके समर्थक कार्यकर्ताओं के बीच से निकल कर आ रही हैं। पोहरी से दो बार अलग-अलग दलों से विधायक चुने गए सिंधिया समर्थक हरिवल्लभ शुक्ला टिकिट हथियानें के लिए जोड़तोड़ करने में जुटे हुए हैं,वही पूर्व मंडी अध्यक्ष एनपी शर्मा भी टिकिट के लिए पूरी ताल ठोक चुके हैं।  

सिंधिया के भाजपा में जाने के साथ ही उनके 22 समर्थक विधायकों ने न केवल कांग्रेस पार्टी को छोड़ा बल्कि अपने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया हैं जिसके चलते प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होना हैं  जिले की दो विधानसभा करैरा और पोहरी सीट पर भी उप चुनाव होंगे।

आम चुनाव में इन दोनों सीटों पर कांग्रेस के नेता जसवंत जाटव और सुरेश राठखेड़ा ने भाजपा के प्रत्याशियों को पराजित कर जीत दर्ज कराई थी। कांग्रेस के खाते वाली इन सीटों पर उप चुनाव में हरहाल में अपना कब्जा जमाने के लिए भाजपा पूरी तरह कमर कस कर तैयार हो गई हैं।

इन्हीं तैयारियों के तहत भाजपा के केन्द्रीय मंत्री एवं मुरैना के सासंद नरेन्द्र सिंह तोमर दो दिन पूर्व पोहरी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आकर कार्यकर्ता और किसान मजदूरों से मिले। वहीं उनके दो दिन बाद ग्वालियर के सांसद विवेकनारायण शेजवलकर पोहरी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आए श्री शेजवलकर ने सुभाषपुरा, सतनवाड़ा, भानगढ़, पोहरी, बैराड़ में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्या के बारे में जानकारी हांसिल की।

वहीं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इनतना ही नहीं वे शोकाकुल परिवार के घरों पर भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। सांसद श्री शेजवलकर और केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के दौरे के दौरान कई कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।
G-W2F7VGPV5M