खड़ीचरा हत्याकांड: मृतक पक्ष से घायल पप्पू डिस्चार्ज के बाद जिला अस्पताल से हुआ गायब

Bhopal Samachar

शिवपुरी। खडीचरा हत्याकांड मामले में मृतक पक्ष की ओर से घायल पप्पू यादव डिस्चार्ज हाेने के बाद जिला अस्पताल से बिना सूचना के गायब हो गया है। मामले में डिस्चार्ज से पहले डॉक्टर ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी। अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी ध्यान नहीं दिया। अब पप्पू की तलाश जारी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पप्पू उर्फ हरपाल जल्द मिल जाएगा।

खडीचरा गांव में पूर्व सरपंच नीलम सिंह यादव ने बुधवार को अपने लोगों के साथ मिलकर राजपाल यादव (25) पुत्र वीरन सिंह की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि जांघ में गोली लगने से राजीव उर्फ लल्लू (30) पुत्र नथनसिंह यादव घायल हो गया। खुद के शरीर पर गाड़ी चढ़ने से घायल बता रहे पप्पू उर्फ हरपाल (40) पुत्र नथनसिंह यादव को जिला अस्पताल लाया गया था।

राजीव को ग्वालियर रेफर कर दिया। वहीं अस्पताल के डाॅ आलोक श्रीवास्तव ने हरपाल उर्फ पप्पू को डिस्चार्ज कर दिया। सूचना पुलिस तक नहीं पहुंची और इसी बीच पप्पू एकाएक कहीं चला गया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो हुई और पप्पू को ढूंढा जा रहा है।

वहीं जवाबी हमले में घायल पूर्व सरपंच नीलम सिंह यादव व उसके भतीजे की सुरक्षा में लगी पुलिस चौकन्नी हो गई है। एसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि पप्पू यादव प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने की बात कह रहा था। इधर-उधर चला गया है, जल्द आ जाएगा।

इधर...पुलिस ने रन्नौद से आठ पकड़े, दो भर्ती, छह फरार
खडीचरा गांव में पंचायत चुनाव को लेकर गोली मारकर एक की हत्या के बाद पुलिस ने महिला सहित आठ हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी काे रन्नौद से पकड़ना बता रही है।

पुलिस ने कल्ला उर्फ नीलम यादव, कुलदीप सिंह यादव, राजन सिंह यादव, शिवकुमार यादव, अजयपाल यादव, यस कुमार यादव, सचिन यादव और विद्याबाई यादव को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। सभी रन्नौद में बस का इंतजार कर रहे थे। वहीं पूर्व सरपंच नीलम सिंह यादव व किशन सिंह यादव जिला अस्पताल में भर्ती है। शेष छह करन सिंह यादव, बृजेश सिंह यादव, चंद्रभान सिंह यादव, शील कुमार यादव, अजयकुमार यादव, भूरा यादव फरार हैं।
G-W2F7VGPV5M