शिवपुरी। बारिश के मौसम में मच्छरों की बढ़ती पैदाइश को नियंत्रित करने तथा जिले में मलेरिया व डेंगू की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से ब्लाक पोहरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मलेरिया की रोकथाम के प्रयास में आशा सहयोगीयों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मलेरिया अघिकारी लाल जू शाक्य व जिला समन्वयक एम्बेड परियोजना विजय मिश्रा द्वारा मच्छर के लार्वा का प्रदर्शन कर टेमेफोज व मिटटी के तेल एवं अन्य विधियों से इसके विनिष्टिकरण के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही साथ मलेरिया के उपचार के विषय में पूरा इलाज लेने के महत्त्व के बारे में बताया और लोगों को प्रेरित करने की बात कही। इसके अलावा खून की जाँच संबंधी प्रयोग व अभ्यास सहभागियों के बीच कराया गया और जांच के दौरान अपनाई जाने वाले सावधानियों एवं महत्वपूर्ण जानकारी के विषय से सहभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागियों व अस्पताल कर्मचारियों को शिवपुरी जिले को मलेरिया मुक्त बनाने की शपथ, हस्ताक्षर करवा कर दिलाई गयी। जिसमे सहभागियों ने नियमित मच्छरदानी उपयोग करने, मच्छर पनपने की परिस्थितियों को समाप्त करने, मच्छर रोधी साधनों को अपनाने एवं आस पड़ोस के कम से कम 10 परिवारों को व्यक्तिगत रूप से इस हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजित सम्पूर्ण कार्यक्रम में पोहरी ब्लाक की 22 आशा सहयोगिनी के साथ मलेरिया तकनीकी सुपरवाइजर सुमन सोलंकी, ब्लाक कमुनिटी मोबिलाईजर शेर सिंह व अन्य स्टाफ सहित कुल 40 सहभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

