शिवपुरी। भारत विकास परिषद की वीर तात्याटोपे शाखा द्वारा स्कूली बच्चों के लिए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन रविवार 30 जून को किया जा रहा है। प्रतियोगिता दो भागों तथा दो वर्गों में दो बत्ती चौराहा चिंताहरण मंदिर के पास शिवपुरी पर आयोजित की जाएगी। रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता हेतु पंजीयन प्रारंभ कर दिए गए है। सीमित संख्या के कारण प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर ही प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद शाखा वीर तात्याटोपे के कार्यक्रम संयोजक नीरज जैन ने बताया कि शाखा द्वारा बच्चों में रार्ष्ट्रप्रेम, देश भक्ति, भारतीय संस्कार एवं संस्कृति जगाने के उद्देश्य से बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इसी के दृष्टिगत विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के लिए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता रविवार ३० जून को आयोजित की जाएगी, जो दो भागों हायपर स्केटिंग तथा सामान्य स्केटिंग के रूप में तथा दो वर्गों कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में आयोजित की जाएगी। प्रथम वर्ग में सात वर्ष से दस वर्ष तक के बच्चों तथा द्वितीय वर्ग में 11 से 14 वर्ष तक के बच्चों को शामिल किया जाएगा।
प्रतिभागी यहां कराएं अपने पंजीयन
संयोजक नीरज जैन ने बताया कि रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता हेतु पंजीयन प्रारंभ कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता हेतु प्रतिभागी अपने पंजीयन निकुंज एप्लांसेस वीर सावरकर पार्क के सामने, अनिल कुमार अग्रवाल, पटेल पार्क शिवपुरी, एस के बंसल शेयर ब्रोकर माधव चौक, सिंघल मेडिकल स्टोर अस्पताल चौराहा, गुप्ता क्लीनिक कमलागंज अथवा महादेव बेकरी प्राईवेट बस स्टेण्ड शिवपुरी पर करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की सीमित संख्या होने के कारण पंजीयन प्रथम पाओ प्रथम पाओ के आधार पर ही किए जाएंगे। संख्या पूर्ण होने पर पंजीयन बंद कर दिए जाएंगे।
हर वर्ग में प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत
उन्होंने बताया कि दोनो ही भागों तथा वर्गों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक विद्यार्थियों से कहा है कि वे प्रतियोगिता हेतु अपने पंजीयन शीघ्र से शीघ्र पंजीयन स्थल पर कराकर अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित करा लें।

