मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ सिर्फ छलावा किया है, कर्ज माफ नहीं किया: योगी आदित्यनाथ

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी-गुना संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी यादव के समर्थन में चुनावी आमसभा को संबोधित करने शिवपुरी पधारे उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजारों की संख्या में उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नया भारत अपनी ताकत का अहसास करा रहा है वहीं आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, अराजकता पर पांच साल में प्रभावी कार्यवाही हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के 55 साल के कार्यकाल पर मोदी सरकार के 5 साल के कार्यकाल भारी पड़ रहा हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हर क्षेत्र में कार्य किया हैं। 

जिसके कारण कांग्रेस को इस चुनाव में मुद्दा नहीं मिल रहा। उ.प्र. में उनकी सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर किसानों के कर्जमाफी के नाम पर धोखा देने के साथ-साथ प्रदेश में पुन: गुण्डागर्दी एवं अराजकता एवं बिजली गुल होना शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उदबोधन से पूर्व भाजपा प्रत्याशी केपी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, पूर्व विधायक नरेन्द्र बिरथरे, राजू बाथम, विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, धैर्यवर्धन शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने उदबोधन के दौरान सांसद सिंधिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में 18 साल के कार्यकाल में एक भी विकास का कार्य नहीं किया। यदि उन्होंने विकास कार्य कराए होते तो आज सांसद सिंधिया उनकी धर्मपत्नि प्रिदर्शनी राजे सिंधिया सहित दर्जनों मंत्रियों को संसदीय क्षेत्र के हर गली मोहल्ले में घूमना नहीं पड़ता। 

उ.प्र. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार घंटे बिलम्ब से शिवपुरी पहुंचे जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी केपी यादव के समर्थन में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच साल के कार्यकाल का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि वह देश के जिस प्रांत में जाते हैं वहां मोदी सरकार फिर एक बार का नारा गूंजता हुआ सुनाई देता हैं। यह नारा अचानक से नहीं बल्कि मोदी जी द्वारा पांच साल में हर मोर्चे पर किए गए कार्यों के बल पर ही सुनाई देता हैं। उन्होंने कहा कि योगी के आने के बाद भारतीय परंपराओं को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने का काम किया वहीं पाकिस्तान को अपनी औकाद का अहसास कराते हुए आतंकवाद नक्सलबाद, अराजकता पर प्रभावी कार्यवाही की है।

वहीं गरीबों को सम्मान से जीने के लिए उन्हें पक्के आवास, शौचालय, गैस सिलेण्डर, स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान भारत योजना, 6 हजार रूपए किसान सम्मान निधि का लाभ बिना जाति, धर्मसम्प्रदाय का भेद करते हुए समान भाव से देश की जनता को उपलब्ध कराया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि देश में प्राकृतिक आपदा के समय उन्हेें नानी याद आती हैं। वे भारत छोड़कर इटली भाग जाते हैं। वहीं उनकी बहिन छोटे-छोटे बच्चों को संस्कार देने के स्थान पर उन्हें गालियां देने का काम सिखा रहीं हैं।

प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ बोलकर सत्ता हथियाने वाले कमलनाथ सरकार ने किसानों को दो लाख रूपए का कर्जा माफ करने का बोला था वह आज तक माफ नहीं किया। प्रदेश में गुण्डाराज पुन: पनप रहा है। बिजली गुल हो रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर हैं। जिसका उदाहरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों की जनकल्याणकारी योजनाओं का पैसा उनके सचिवों के यहां से बरामद किया जाता है। 

उ.प्र. में सरकार आने के बाद पांच कार्य लिए प्राथमिकता में 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उ.प्र. में उनकी सरकार ने प्रमुख पांच कार्यों को चिन्हित किया जिसमें पहला कार्य 86 लाख किसानों का कर्ज माफ करते हुए 36 हजार करोड़ रूपए एक झटके में बैंक में पहुंचाने का कार्य किया वहीं दूसरा कार्य अवैध बूचड़ खाने बंद कराए गए, महिलाओं की सुरक्षा के लिए एन्ट्रीरॉमियो स्कॉट का गठन कर बदमाशों को जेल भेजने का कार्य किया। सत्ता के संरक्षण में शासकीय जमीन को हथियाने बाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 54 हजार हेक्टेयर जमीन उनके कब्जे से मुक्त कराते हुए उस जमीन पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल,के साथ गरीबों को आवास के पट्टे दिए गए। रामकृष्ण की देवभूमि उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं होने दिया। 
G-W2F7VGPV5M