वीर तात्या टोपे शाखा ने किया अमर शहीद के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद की वीर तात्याटोपे शाखा के सदस्यों ने अमर शहीद वीर सेनानी तात्याटोपे बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन तात्याटोपे की समाधि स्थल राजेश्वरी रोड पर किया गया। इस अवसर पर परिषद के सभी सदस्यों ने तात्याटोपे को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की साथ ही भारत माता एवं अमर शहीद तात्याटोपे की वीरता अमरता के नारे लगाए गए।

इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष अमित खण्डेलवाल ने भावी पीढ़ी से तात्याटोपे के जीवन पथ का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के इस वीर सेनानी ने एक ऐसे समय में भागीदारी दी जब देश का प्रत्येक वीर नागरिक हताश था। 

तभी अंग्रेजी सेना का इस वीर सेनानी ने डटकर मुकाबला किया और उन्हें नाकों चने चबाने पर मजबूर किया। तात्याटोपे ने स्वतंत्रता यज्ञ की बलिवेदी पर शिवपुरी की रण-स्थली में अपने प्राणों की आहूती देकर शिवपुरी को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में अमर शहीद तात्याटोपे का स्मारक आज युवा पीढ़ी को देश पर सर्वस्व अर्पित करने का संकेत देता है। सबको उनके कार्यों का अनुसरण कर प्रेरणा लेना चाहिये।

उल्लेखनीय है कि शिवपुरी में गठित भारत विकास परिषद की इस शाखा का नाम भी वीर तात्याटोपे शाखा शिवपुरी के लिए इतिहास के पन्नों में अंकित वीर सेनानी तात्याटोपे के नाम पर रखा गया है। इससे पूर्व भारत विकास परिषद शाखा वीर तात्याटोपे के निर्धारित कार्यक्रम के तहत परिषद के समस्त पदाधिकारी तथा सदस्य अमर शहीद तात्याटोपे की प्रतिमा स्थल पर प्रातरू ठीक 8 बजे एकत्रित हुए। सभी सदस्यों द्वारा वीर सेनानी तात्याटोपे को पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। सभी सदस्यों द्वारा एक स्वर से भारत माता तथा अमर शहीद तात्याटोपे के देशभक्ति नारे लगाए गए।