शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र के मरघटखाने के पास झांसी रोड़ पर बीती शाम एक बदमाश ने शिवपुरी से कानपुर जा रहे ट्रक चालक को रोककर उससे 7900 रूपए लूट लिए और वहां से भाग गया, लेकिन स्थानीय लोगों के द्वारा पहचान लिए जाने के बाद बदमाश घटना के एक घंटे बाद ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया जिससे पुलिस ने लूट के 7900 रूपए बरामद कर लिए।
बदमाश ने पूछताछ में बताया कि वह स्मैक का नशा करता है और उसके पास स्मैक खरीदने के लिए रूपए नहीं थे जिस कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ भादवि की धारा 392 सहित 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत कायमी कर ली है।
जानकारी के अनुसार जीतू सिंह वैश्य का ट्रक शिवपुरी से लोड होकर कानपुर जाने के लिए कल शाम निकला था जिसे गुलाब सिंह पुत्र रामसिंह यादव उम्र 38 वर्ष निवासी सरूपपुर जिला कानपुर देहात उत्तरप्रदेश चला रहा था। शाम करीब 5:30 बजे के लगभग गुलाबसिंह ट्रक लेकर मरघटखाने के पास झांसी रोड़ पर पहुंचा जहां एक बदमाश सुरेंद्र शर्मा पुत्र सोनू पंडा निवासी जवाहर कॉलोनी ने ट्रक को रोक लिया और चालक के साथ झूमाझटकी कर उसे डराया धमकाया और उसकी जेब में रखे 7900 रूपए लूट लिए और वहां से भाग गया। घटना के बाद ट्रक चालक ने आसपास के लोगों को लूट की वारदात से अवगत कराया और बदमाश का हुलिया बताया।
वहां मौजूद लोग समझ गए कि घटना कारित करने वाला सुरेंद्र शर्मा है इसके बाद ट्रक चालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों द्वारा बदमाश की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके घर जवाहर कॉलोनी पर जाकर दबिश दी तो वह घर के बाहर घूमता हुआ मिला जिसे पकडक़र पुलिस थाने ले आई और उससे लूट की रकम बरामद कर ली।

