घर में घुसकर युवक को पीटा, बाइक व मोबाइल तोड़े | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। अमोला के ग्राम साजौर में बीती शाम एक आरोपी ने घर में घुसकर फरियादी के साथ मारपीट कर दी और उसके घर में रखी बाइक व मोबाइल तोड़ दिए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। 

साजौर निवासी बबलू उर्फ योगेंद्र पुत्र कैलाश शर्मा बीती शाम अपने घर पर था तभी आरोपी हरिकिशन पुत्र कम्मोदा कोली निवासी साजौर घर में घुस आया और उसने बिना कोई बातचीत किए बल्लू की मारपीट शुरू कर दी। 

जब उसके परिवार के सदस्य उसे बचाने आए तो आरोपी ने उनको भी नहीं बख्शा। बाद में आरोपी ने वहां रखी बाइक पर डंडे से वार किए और फरियादी और उसके परिवार के सदस्यों से उनके मोबाइल छीनकर उनके मोबाइल तोड़ दिए। 

रासुका के आरोपी को पकडक़र जेल भेजा

पोहरी। गोवर्धन के ग्राम धौरिया से कल सुबह पुलिस ने रासुका के मामले में सात जिलों से निष्कासित वारंटी को प्रतिबंध के बावजूद भी निष्कासन वाले क्षेत्र में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 एवं 188 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर किया है।

जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर 2018 को विभिन्न आपराधिक मामलों मे नामजद आरोपी चक्रपान पुत्र अर्जुनलाल धाकड़ निवासी धौरिया को जिला दंडाधिकारी द्वारा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5क एवं 5ख के अंतर्गत एक वर्ष के लिए शिवपुरी जिले सहित ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना की सीमाओं से बाहर निष्कासन का आदेश पारित किया था, लेकिन आरोपी उक्त आदेश का उल्लंघन करते हुए निष्कासित क्षेत्र में घूम रहा था। जिसे पुलिस ने कैला माता मंदिर के पास धौरिया से गिरफ्तार कर लिया।