कोलारस। कोलारस कस्बे में रामजी राणा की हवेली के सामने विगत शाम चार आरोपियों ने एक युवक के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर दी और क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए कट्टे से फायर कर दिया जिससे आसपास के लोग सहम उठे। वहीं दूसरी ओर दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की घटना कारित की।
पुलिस ने पहले पक्ष की ओर से चार आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 294, 336, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से तीन आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 294, 506, 34 के तहत कायमी कर ली है।
जानकारी के अनुसार विशाल पुत्र हरिसिंह जाटव निवासी जाट मोहल्ला कोलारस का आरोपी महेंद्र राणा, मनू राणा, संदीप जाट और गोलू जाट के साथ पुराने किसी घटनाक्रम को लेकर विवाद चला आ रहा था।
बीते 21 अप्रैल को शाम करीब 7 बजे जब विशाल रामजी राणा की हवेली के सामने से गुजर रहा था तभी चारों आरोपियों ने उसे रोककर गालियां देना शुरू कर दिया। आरोपियों को जब फरियादी ने जब गाली देने से रोका तो उसकी मारपीट कर दी और एक आरोपी ने कट्टे से हवा में फायर कर दिया। जबकि वहीं दूसरे पक्ष के महेंद्र सिंह पुत्र फूलसिंह जाट के साथ आरोपी विक्की जाट, विशाल जाट, लक्ष्मण जाट ने मारपीट की और उन्हें गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी।
यादवों के बीच संघर्ष
करैरा के ग्राम ढंगा में कल दोपहर यादवों के बीच खूनी संघर्ष हो गया । जहां आरोपी पक्ष ने फरियादी पक्ष पर कट्टे से फायर कर दिए। सुखद पहलू यह रहा कि फरियादी आरोपियों द्वारा किए गए फायर से बाल बाल बच गया। बाद में आरोपी फरियादी को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 506, 336, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अरविंद पुत्र रामनिवास रावत निवासी ग्राम मनका कल दोपहर ग्राम ढंगा में आया था जहां आरोपी धर्मेंद्र यादव निवासी मनका और दो अन्य लोग उससे विवाद करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने अरविंद को पीटना शुरू कर दिया। बाद में जब पीडि़त ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने कट्टे से उस पर फायर कर दिया।
जिससे गोली उसके पास से निकल गई और वह बाल बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले।

