उद्योग विभाग के सामने चाय की गुमटी का ताला तोड़कर सामान समेट ले गए चोर | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र के कोर्ट रोड़ पर स्थित उद्योग विभाग के बाहर बनी चाय की गुमटी को विगत रात्रि कोई अज्ञात चोर ने निशाने पर ले लिया और वहां से हजारों का माल चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में गुमटी संचालक की रिपोर्ट पर से अज्ञात चोर के खिलाफ भादवि की धारा 461 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

जानकारी के अनुसार उद्योग विभाग के बाहर कल्याण पुत्र किशनलाल राठौर निवासी नबाब साहब रोड़ चाय की गुमटी संचालित करता है। बीते 20 अप्रैल को रात्रि के समय प्रतिदिन की तरह कल्याण अपनी गुमटी को ताला लगाकर घर चला गया था। 

तभी रात्रि में कोई अज्ञात चोर ने उसकी गुमटी का फाटक तोडक़र उसमें रखे 3 एल्युमीनियम के भगौने, दो पीतल के भगौने, चाय की दो केतलियां एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। कल सुबह जब कल्याण गुमटी खोलने पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी लगी। जिस पर उसने तुरंत ही पुलिस को जानकारी दी और कोतवाली पहुंचकर मामला दर्ज कराया।