करैरा। खबर जिले के करैरा तहसील क्षेत्र के सड़ गांव में एक महिला किसी व्यक्ति के साथ चली गई तो उसकी बेटी का पति उसे उलाहना देने लगा। इससे तंग आकर बेटी ने खुद को आग लगा ली। इलाज के दौरान झांसी में युवती की मौत हो गई है। पुलिस जांच के बाद केस दर्ज करेगी।
जानकारी के मुताबिक अर्चना पत्नी धनाराम पाल उम्र 20 साल निवासी सड़ ने रविवार-सोमवार की रात केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में ससुरालीजन इलाज के लिए झांसी लेकर पहुंचे। शरीर बुरी तरह झुलस जाने से झांसी में इलाज के दौरान अर्चना की मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अर्चना का कारोंठा गांव में मायका है। उसकी मां दो माह पूर्व किसी के साथ चली गई है। इसी बात को लेकर उसका पति धनाराम अक्सर उलाहना देता था। इसी के चलते पति-पत्नी के बीच रविवार की रात झगड़ा हो गया था। रात करीब एक बजे अर्चना उठी और खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। युवती की एक साल पूर्व ही शादी हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग डायरी मिलने के बाद मामले में छानबीन कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

